दुर्ग
उत्तेजित भीड़ ने सडक़ पर शव रखकर किया चक्काजाम
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 21 दिसंबर। कल शाम स्कूल से घर लौट रही छात्रा को हाईवा ने अपनी चपेट में ले लिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
पुरानी भिलाई पुलिस ने बताया कि छात्रा की पहचान भावेश निषाद के रूप में हुई है। वह ग्राम रिंगनी की रहने वाली थी और कक्षा 8वीं में पढ़ती थी। बीती शाम वह स्कूल छूटने के बाद साइकिल से अपने घर लौट रही थी। जैसे ही वो मोंहदी के पास पहुंची, हाइवा ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने रात में लडक़ी का शव सडक़ पर रखकर 4 घंटे तक चक्काजाम कर दिया।
पुरानी भिलाई पुलिस ने बताया कि सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे। लोगों को काफी समझाने का प्रयास किया गया, जब वो नहीं माने तो तहसीलदार को भी वहां बुलाया गया। सभी अधिकारियों ने मिलकर गुस्साए परिजनों को समझने की काफी कोशिश की, लेकिन जब वो नहीं माने तो पुलिस को बल का प्रयोग करना पड़ा। जब गांव वाले इधर उधर भागे तो मौका देखकर पुलिस के अधिकारियों ने खुद बच्ची के शव को वहां से उठवाया और डायल 112 में रखकर सुपेला स्थित मच्र्युरी भेजा। इसके बाद टीम बच्ची के परिजनों को थाने ले आई और परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस हाइवा चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि इस क्षेत्र में रेत और मुरुम से भरे हाइवा दिन रात निकलते रहते हैं। पुलिस भी इन पर कोई रोक नहीं लगा पा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर लगातार भारी वाहन चलने के चलते लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने शासन प्रशासन से इस पर कार्रवाई करने की मांग की है।