दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 20 दिसंबर।सहकारी समिति कर्मचारियों ने उपार्जन केन्द्रों से संतोषप्रद धान उठाव नहीं होने पर 23 दिसंबर से खरीदी बंद करने चेतावनी दी है। धान परिवहन की धीमी गति को लेकर उन्होंने रोष व्यक्त करते हुए बफर लिमिट से ऊपर धान का 20 तक उपार्जन केन्दों से परिवहन करने मांग की है। सौंपे गए ज्ञापन में उन्होंने कहा है कि खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 में धान खरीदी 14 नवम्बर से प्रारंभ हुआ है। खरीदी शुरू हुए एक माह से ऊपर होने जा रहा है, दुर्ग जिला सहित प्रदेश के उपार्जन केन्द्रों में धान का स्टॉक बफर लिमिट से 4 से 5 गुना अधिक हो गया है। परिवहन की गति काफी धीमी होने के कारण धान जाम है, पूर्व वर्षों में धान खरीदी प्रभारी पर व्यक्तिगत जवाबदारी तय करते नुकसान होने पर भरपाई कराई गई हैं, ऐसी कार्रवाई को लेकर कर्मचारी काफी चिंतित एवं भयभीत है। जिसके कारण छ.ग. सहकारी समिति कर्मचारी संघ/छ.ग. सहकारी बैंक कर्मचारी संघ एवं छ.ग. सहकारी कम्प्यूटर ऑपरेटर संघ ने संयुक्त रूप से यह निर्णय लिया है, कि 20 दिसंबर तक बफर लिमिट से ऊपर धान का परिवहन अतिशीघ्र कराई जाए, परिवहन संतोषजनक नही होने पर 23 दिसंबर से प्रदेश के सभी धान उपार्जन केन्द्रों में धान खरीदी का कार्य बंद रहेगी ।
इसी प्रकार उन्होंने अन्य लंबित मांगों को भी पूरा करने की मांग करते कहा कि धान खरीदी वर्ष 2023-24 का धान खरीदी का कमीशन राशि समितियों को अतिशीघ्र दिया जावे। इसी प्रकार धान खरीदी वर्ष 2024-25 का धान खरीदी अनुबंध में पत्र क्रं./एफ 4-9/2024/29-1/नवा रायपुर 12 दिसंबर 2024 को शामिल कर अनुबंध करने हेतु मार्कफेड को आदेशित किया जावे। ज्ञापन सौंपने वालों में छ्ग सहकारी समिति कर्मचारी संघ के प्रदेशाध्यक्ष नरेन्द्र सोनगेर, जागेश्वर साहू, ईश्वर श्रीवास एवं अन्य पदाधिकारी शामिल हैं।