दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
उतई/ दुर्ग, 20 दिसंबर। उतई थाना क्षेत्र में जांच करते हुए पुलिस ने 7 ऐसे संदिग्धों को पकड़ा है जो कि बिना किसी सूचना के यहां की एक प्लाइवुड फैक्ट्री में काम कर रहे थे।
पुलिस ने सभी के खिलाफ धारा 128 बीएनएसएस के तहत् प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है।
मिली जानकारी के अनुसार बुधवार को उतई थाना क्षेत्र में संचालित प्लाइवुड फैक्ट्री मारूति सिजनिंग एवं केमिकल वूड्स तथा पाण्डेय आरा मिल उतई में बाहर से आये मजदूरों के संबंध में जानकारी प्राप्त हुई। उक्त प्लाइवुड फैक्ट्री एवं आरा मिल का निरीक्षण कर प्रवासी मजदूरों से पूछताछ की गई।
आरा मिल के निरीक्षण करने पर ज्ञात हुआ कि असम के कोकराझार जिले से 7 मजदूर पुलिस थाने में जानकारी दिए बिना संदिग्ध रूप से अपनी उपस्थिति छिपाकर रह रहे है। जिनसे पूछताछ करने पर कोई संतोष जनक जवाब नहीं मिला। अपराधों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से उक्त व्यक्तियों के विरूद्ध धारा 128 बीएनएसएस के तहत् प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की।
पकड़े गए संदिग्ध व्यक्तियों में अबुल शेख ( 70 वर्ष), छापियल हक ( 51 वर्ष ), हमिदुर रहमान( 42 वर्ष ), ईब्राहिम फोकिर ( 29 वर्ष ), शाहबुद्दीन शेख (42 वर्ष ), लोकमान( 23 वर्ष) तथा आलम गिर बादशाह (27 वर्ष) सभी निवासी असम शामिल हैं।