दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 18 दिसंबर। जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आ रहे हैं, प्रमुख पार्टियों रणनीति को लेकर लगातार बैठकें कर रही है, इसी दिशा में कांग्रेस पार्टी ने भी आज राजीव भवन में जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों की बैठक ली।
मीटिंग में दुर्ग के पूर्व विधायक अरुण वोरा, जिला अध्यक्ष गया पटेल, महापौर धीरज बाकलीवाल, पूर्व महापौर आर.एन. वर्मा, सभापति राजेश यादव सहित समस्त ब्लॉक अध्यक्ष, विंग के अध्यक्ष उपस्थित थे। मीटिंग शुरुआत होने के बाद कार्यकर्ताओं ने वरिष्ठ नेताओं को कुछ सुझाव दिए। कुछ कार्यकर्ताओं का कहना था कि पार्टी को इस बार अंतर गुटबाजी से बचना होगा, जिसे भी प्रत्याशी बनाया जाए उसका कांग्रेस पार्टी के लोगों को पूर्ण समर्थन देना होगा जिससे हम चुनाव जीत सके। कुछ कार्यकर्ताओं का कहना था कि टिकट वितरण में आम कार्यकर्ताओं की भी राय ली जाए। लगभग सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सुझाव दिए एवं उनके सुझाव को नोट किया गया, उसे पर अमल करने की बात कही गई।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व विधायक अरुण वोरा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी आज भी दुर्ग शहर में बहुत मजबूत है। भले ही पिछले दो चुनाव में हमारा परिणाम संतोषजनक न रहा हो फिर भी दुर्ग की जनता अभी भी कांग्रेस पार्टी को नगर निगम के चुनाव में जीतना चाहती है। कांग्रेस पार्टी पूरी ताकत से नगरीय निकाय चुनाव को लड़ेगी और जीतेगी। टिकट वितरण पर वोरा ने कहा कि टिकट वितरण करते समय हाई कमान यह बात को पूरी तरीके से ध्यान में रखेगा कि किसी भी तरह की नाराजगी न रहे। सभी वर्गों का सभी कार्यकर्ताओं का ध्यान रखा जाएगा एवं जीतने वाले कैंडिडेट को ही टिकट दिया जाएगा।