दुर्ग
दुर्ग, 18 दिसंबर। हेमचंद यादव विश्वविद्यालय की सेमेस्टर परीक्षाएं 20 दिसंबर से प्रारंभ होने जा रही है। यह जानकारी देते हुए विश्वविद्यालय के उपकुलसचिव, डॉ. राजमणि पटेल ने बताया कि इस परीक्षा हेतु कुल नामांकित परीक्षार्थी लगभग 24 हजार है। एनईपी 2020 के तहत परीक्षाएं जनवरी 2025 से प्रारंभ होनी संभावित है। एनईपी के तहत नियमित विद्यार्थियों के रूप में लगभग 35 हजार विद्यार्थियों ने नामांकन दाखिल करवाया है और 12 दिसंबर तक लगभग 19 हजार विद्यार्थियों ने परीक्षा आवेदन फॉर्म भर दिया है। इसी प्रकार स्वाध्यायी परीक्षार्थियों की नामांकित संख्या लगभग 14 हजार है जिसमें से 5 हजार ने 12 दिसंबर तक परीक्षा आवेदन फॉर्म जमा कर दिया है। ज्ञात हो कि एनईपी 2020 के तहत निर्धारित विभिन्न पाठ्यक्रमों को 2024 में इस विष्वविद्यालय में लागू किया गया है। यह नई शिक्षा नीति विद्यार्थियों को अलग-अलग संयोजन के विभिन्न पाठ्यक्रम उपलब्ध कराता है ताकि विद्यार्थी अपनी रूचि के अनुसार विषयों का चयन कर पढ़ाई कर सके। यह नीति विद्यार्थियों को हमारी राजभाषा और विभिन्न क्षेत्रीय भाषाओं को सीखने का एक सुनहरा अवसर प्रदान करती है। साथ ही साथ वर्तमान में प्रचलित व्यवसायिक पाठ्यक्रमों को स्वयं में समाहित कर विद्यार्थियों को बाजार की मांग के अनुरूप ढालने का प्रयास करती है।