दुर्ग

बातचीत बंद की तो रात 10 बजे लडक़ी के घर पहुंचा युवक और पीटने लगा
17-Dec-2024 6:32 PM
बातचीत बंद की तो रात 10 बजे लडक़ी के घर पहुंचा युवक और पीटने लगा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भिलाई नगर, 17 दिसंबर। रविवार की रात करीब 10 बजे एक युवक गाली गलौज करते युवती को डंडे से पीटने लगा। वह बार-बार कह रहा था कि बातचीत बंद करने की हिम्मत कैसे हुई। युवती के परिजनों ने बीच-बचाव कर जैसे तैसे उसे युवक से बचाया। अगले दिन छावनी थाना पहुंच युवती ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है।

छावनी थाना प्रभारी चेतन चंद्राकर ने बताया कि पीडि़त युवती की आरोपी युवक से पूर्व में जान पहचान थी। युवक गणेश चौक केम्प-2 निवासी हर्ष देवांगन है। युवती की हर्ष से बातचीत भी होती रहती थी।

वह कुछ दिनों से बातचीत नहीं कर रही थी, जिससे नाराज हर्ष रात्रि 10 बजे युवती के घर के सामने पहुंचा और युवती बातचीत करना क्यों बंद कर दी कहते हुए गाली-गलौज करने लगा। युवती ने विरोध किया तो जान से मारने की धमकी देते हुए हर्ष ने लकड़ी के डंडे से मारपीट की। लडक़ी के सिर, दाहिने हाथ व कंधा में चोट आई है। घटना की रिपोर्ट पर आरोपी हर्ष देवांगन के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 351(2) और 296 के तहत मामला दर्ज कर जांच में लिया गया है।


अन्य पोस्ट