दुर्ग
किसानों ने कलेक्टोरेट पहुंच किया प्रदर्शन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 17 दिसंबर। जिले में धान खरीदी व्यवस्था चरमरा गई है। अनेक उपार्जन केन्द्रों में आज भी धान खरीदी नहीं हुई। पांच दिनों से खरीदी बंद होने के बावजूद डोडक़ी से धान उठाव की शासन प्रशासन व जिम्मेदार अधिकारियों ने अब तक सुध नहीं ली है। इधर खरीदी बंद होने से आक्रोशित किसानों ने आज कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया।
ज्ञात हो कि डोडक़ी में 12 दिसंबर से खरीदी बंद है मगर जिला प्रशासन एवं धान खरीदी व्यवस्था से जुड़े विभागों के अधिकारी अब तक इस ओर से बेखबर बने हुए हैं। नतीजन खरीदी बंद होने से किसान परेशान हैं। वहीं कन्हारपुरी में 10 दिसंबर से खरीदी बंद है, यहां आज भी खरीदी नहीं हुई। जानकारी के अनुसार कन्हारपुरी में देर शाम धान परिवहन के लिए गाडिय़ां लगाई गई मगर किसानों को सूचना नहीं होने से यहां कल भी खरीदी बंद रहने की संभावना है। वहीं दूसरी ओर आज फेकारी, पुरदा, बिरेझर एवं फुण्डा में भी धान खरीदी बंद रहने की जानकारी मिली है। ऐसे में किसानों की दिक्कते बढ़ती जा रही है।
धान खरीदी बंद होने से आक्रोशित किसानों ने छत्तीसगढ़ प्रगतिशील किसान संगठन के बैनर तले आज जिला कलेक्टर कार्यालय दुर्ग में जमकर विरोध प्रदर्शन किया। किसान इस बात पर नाराज थे कि पहले धान खरीदी एक नवंबर से शुरू होती थी राज्य सरकार ने 14 दिन विलंब से खरीदी शुरू किया, इतने दिनों में खरीदी करने की पूरी तैयारी हो सकती थी किन्तु शासन प्रशासन ने कुछ नहीं किया, जिसके कारण प्रतिदिन धान खरीदी का लक्ष्य कम निर्धारित किया गया।
किसानों को टोकन के लिए दर-दर भटकना पड़ा। धान खरीदी के एक माह बाद भी सरकार खरीदी की सुचारू व्यवस्था करने में नाकाम रही है। परिणामस्वरूप कुछ केंद्र में खरीदी एक सप्ताह से बंद है और अनेक केंद्रों में जगह की कमी के कारण बंद होने की स्थिति निर्मित हो गई है। किसानों ने सरकार को आड़े हाथों लेते हुए आरोप लगाया है कि विलंब से धान खरीदी शुरू करने, खरीदी करने की धीमी गति और खरीदी बंद होने से धान में सूखत के कारण किसानों को सैकड़ों करोड़ रूपए की क्षति हुई है।
छत्तीसगढ़ प्रगतिशील किसान संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी से भेंट करके उन्हें किसानों की समस्याओं से अवगत कराया। कलेक्टर ने किसानों के प्रतिनिधि मण्डल को भरोसा दिलाया है कि दो दिन में धान खरीदी की व्यवस्था सामान्य कर लिया जाएगा।
आवश्यक होने पर समय बढ़ाया भी जाएगा। किसानों के प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर को 5 दिनों का समय देते हुए दो टूक कहा है कि अगले सप्ताह धान खरीदी निर्बाध और निरंतर शुरू नहीं हुआ तो किसानों के सब्र का बांध टूट सकता है।
प्रदर्शन में मुकेश साहू, रोहित साहू, गिरीश दिल्लीवार, रूपेंद्र दिल्लीवार, हुकुमसिंह दिल्लीवार, संतु पटेल, भोला दिल्लीवार, मेघराज मढ़रिया, परमानंद यादव, बाबूलाल साहू, बद्री पारकर, उत्तम चन्द्राकर, गोविंद साहू, लोकेश साहू, आई.के. वर्मा और राजकुमार गुप्त शामिल हुए।