दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 14 दिसंबर। जिले के विकासखण्ड दुर्ग अंतर्गत ग्राम मचान्दुर में जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। ग्रामीण जनता की समस्याओं को सुनने-समझने और मौके पर निराकरण के लिए कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी के मार्गदर्शन में इस शिविर में सभी विभाग के जिला प्रमुख अधिकारी उपस्थित थे। विधायक ललित चन्द्राकर मुख्य अतिथि के रूप में शिविर में सम्मिलित हुए। उन्होंने सभी विभागों के स्टॉलों में जाकर ग्रामीणों की समस्या संबंधी आवेदनों की जानकारी ली और अधिकारियों को निराकरण हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।
शिविर में विभिन्न विभागों को 218 आवेदन प्राप्त हुए जिसमें 177 आवेदन का मौके पर निराकरण किया गया। लंबित 41 आवेदन के लिए समय-सीमा निर्धारित की गई है। शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित 42 हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। शिविर में शिक्षा, कृषि, आदिम जाति कल्याण, क्रेडा, श्रम, खाद्य, महिला एवं बाल विकास, समाज कल्याण, राजस्व, सहकारिता, पशुधन विकास, वन, मत्स्य पालन तथा पंचायत एवं ग्रामीण विभाग की अधिकारियों ने विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 05 नव वधुओं की गोदभराई और 05 नवनिहालों का अन्न प्रासन्न रश्म अदायगी की गई। विधायक श्री चन्द्राकर ने अपने करकमलों से नव वधुओं को सुपोषण, आहार का पैकेट और नवनिहालों को खीर से मुंह मीठा करायें। शासन की महत्वकांक्षी योजना महतारी वंदन से लाभान्वित 05 हितग्राही महिलाओं को शॉल एवं श्रीफल देकर सम्मानित किया गया।