दुर्ग

कांग्रेसियों ने मौन धरना प्रदर्शन कर किया विरोध दर्ज
14-Dec-2024 3:44 PM
कांग्रेसियों ने मौन धरना प्रदर्शन कर किया विरोध दर्ज

धोखेबाजी एवं वादाखिलाफी का कार्यकाल बताया

 ‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 14 दिसंबर। भाजपा के एक वर्ष के कार्यकाल को कांग्रेस अराजकता और विफलतापूर्ण एवं प्रदेश की जनता व किसानों के साथ छल धोखेबाजी तथा वादा खिलाफी का कार्यकाल बताया। कांग्रेसियों ने इसके विरोध में मौन धरना प्रदर्शन किया।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग, जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग ग्रामीण, जिला कांग्रेस कमेटी भिलाई, शहर के संयुक्त तत्वावधान पर आज दुर्ग हिंदी भवन के सामने आयोजित धरना में कांग्रेस ने पोस्टर लगाकर बताया कि भाजपा सरकार के 1 वर्ष के कार्यकाल में कानून व्यवस्था बदहाल हो गई है, प्रदेश में अपराध बढ़ गए, लोहड़ी हत्याकांड बलरामपुर में अभिरक्षा में मौत, पुलिस निरीक्षक के परिवार की हत्या, आदिवासियों पर अत्याचार फर्जी मुठभेड़ बलोदा बाजार अग्निकांड निर्दोषों पर कानूनी कार्रवाई, हसदेव में जंगल कटाई, किसानों से धान खरीदी में वादा खिलाफी, बिजली बिल में बढ़ोतरी कर जनता पर महंगाई का भार बढ़ाया। वहीं महिलाओं के साथ अनाचार हो रहा है। प्रदेश महामंत्री राजेंद्र साहू ने कहा कि टोकन और बारदाने के नाम से किसानों को परेशान कर रहे है, वादे अनुसार 21 क्विंटल की खरीद भी नहीं हो रही है। एक साथ भुगतान का बोलने वाली सरकार किसानों को उचित भुगतान भी नहीं कर रही है।

इस मौन धरना में प्रमुख रूप से पूर्व विधायक अरुण वोरा, ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष निर्मल कोसरे, मुकेश चंद्राकर, बदरुद्दीन कुरैशी, आरएन वर्मा, महापौर धीरज बाकलीवाल, शंकर लाल ताम्रकार, जितेन्द्र साहू, बृजमोहन सिंह, जयंत देशमुख, रिवेन्द्र यादव, नासिर खोखर, राजकुमार पाली, अजय मिश्रा, महिप सिंह भुआल, भोला महोबिया, संजय कोहली, सत्यवती वर्मा, सनी साहू, हरीश साहू, अश्वनी जांगड़े, आनंद ताम्रकार, निखिल खिचडिय़ा, राजकुमार वर्मा, सरसेज घोष, डीकेंन्द्र हिरवानी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी मौजूद थे।

भाजपा सरकार के 1 वर्ष पर अरुण वोरा ने गिनाई नाकामियां

 वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व विधायक अरुण वोरा ने छत्तीसगढ़ में भाजपा के विष्णुदेव सरकार के एक वर्ष के कार्यकाल पर जोरदार हमला बोलते हुए सरकार की नीतियों और वादाखिलाफी को लेकर तीखे सवाल खड़े किए। उन्होंने इसे प्रदेश के लिए विफलताओं का एक साल करार दिया। वोरा ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव से पहले किसानों से 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान खरीदी और 3100 रुपये का एकमुश्त भुगतान करने का वादा किया गया था, जो अब पूरी तरह विफल हो चुका है। साथ ही, 500 रुपये में सिलेंडर देने का चुनावी वादा भी अभी तक अधूरा है। वोरा ने कहा, महंगाई ने आम जनता की कमर तोड़ दी है। बिजली के बढ़े दाम और लंबे समय तक बिजली कटौती ने समस्याएं और बढ़ा दी हैं। उन्होंने बेरोजगारी भत्ते को बंद करने पर भी सवाल उठाए, जो कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में बेरोजगार युवाओं को राहत देने के लिए 2500 रुपये प्रतिमाह दिया जाता था।


अन्य पोस्ट