दुर्ग

नकली पेन ड्राइव देकर की ठगी, जुर्म दर्ज
14-Dec-2024 3:41 PM
नकली पेन ड्राइव देकर  की ठगी, जुर्म दर्ज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 14 दिसंबर। नकली पेन ड्राइव को असली बताकर आरोपियों ने 10,000 रुपए की ठगी कर लिए। प्रार्थी की शिकायत पर स्मृति नगर चौकी पुलिस आरोपी संजय परासर एवं सत्येंद्र सोलंकी के खिलाफ धारा 318, 461 (2) के तहत अपराध दर्ज कर जांच में जुटी है।

पुलिस के मुताबिक प्रार्थी राजू महेश्वरी ने शिकायत दर्ज कराई कि वह कृपाल नगर कोहका में महेश्वरी डोर हाउस का संचालक है। 7 दिसंबर की दोपहर को संजय परासर एवं सत्येंद्र सोलंकी द्वारा मिलीभगत कर नकली पेन ड्राइव को असली बताकर उसके साथ 10000 रुपए की ठगी की गई है। प्रार्थी ने बताया कि वह सेक्टर 1 सडक़ 12 निवासी है। कृपाल नगर कोहका में महेश्वरी डोर हाउस के नाम से उसकी दुकान है। 7 दिसंबर को एक लडक़ा आया जिसने अपना नाम संजय परासर बताया और बोला कि मेरे दुकान के सामने 10 दिन के लिए स्टाल लगाकर पेन ड्राइव की बिक्री करूंगा और कुल 3000 रुपए किराया दूंगा। इसके साथ ही प्रत्येक पेन ड्राइव पर पांच प्रतिशत कमीशन देने का भी झांसा दिया। इसी दौरान एक अन्य लडक़ा आया और 500 रुपए का चिल्लर मांगा। इस पर प्रार्थी ने कहा कि चिल्लर नहीं है। तब वह पेन ड्राइव वाले लडक़े को बोला कि पेन ड्राइव कितने का दे रहे हो। तब संजय परासर बोला कि 1400 का एक पेन ड्राइव है। तब वह लडक़ा कहा कि उसकी सुपेला में मोबाइल दुकान है इसके लिए उसे 10 नग पेन के तौर पर 1000 रुपए देने लगा। इस कि मैं तुमको नहीं बेच सकता यह दुकान वाला तुमको पेन ड्राइव देगा। तब सत्येंद्र सोलंकी प्रार्थी को 1000 रुपए दिया और बाकी पैसा मैं लेकर आता हूं बोलकर चल गया। उस समय संजय भी ज्यादा देर तक नहीं रुक सकता हूं कह कर कहा कि आप 1200 के भाव से प्रति पेन ड्राइव को खरीद लो।

आप सत्येंद्र सोलंकी को 1400 रुपए में बिक्री कर देना।

इस पर प्रार्थी संजय की बातों में आकर 8 पेन ड्राइव किंग्सटन कंपनी का 10,000 रुपए में खरीद लिया। बाद में जब प्रार्थी ने सत्येंद्र सोलंकी को मोबाइल पर फोन किया तो उसका फोन बंद बता रहा था वहीं संजय परासर का भी फोन बंद था। पेन ड्राइव को जब प्रार्थी ने खोलकर देखा तो पेन ड्राइव में चिप नहीं थी। आरोपी संजय परासर एवं सत्यम सोलंकी ने मिलीभगत कर प्रार्थी के साथ 10000 रुपए की ठगी कर ली।


अन्य पोस्ट