दुर्ग

बोरी में खुलेगा उपपंजीयक कार्यालय
13-Dec-2024 3:28 PM
बोरी में खुलेगा उपपंजीयक कार्यालय

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 13 दिसंबर। अब बोरी में भी उपपंजीयक कार्यालय खुलेगा इससे बोरी क्षेत्र के 32 ग्रामों के लोगों की जमीन की रजिस्ट्री के लिए दुर्ग या धमधा नहीं जाना पड़ेगा। इस तरह इसे मिलाकर जिले में उप पंजीयक कार्यालयों की संख्या बढक़र पांच हो जाएगी।

गौरतलब है कि लगभग महीने भर पहले छत्तीसगढ़ शासन वाणिज्यिक कर पंजीयन (विभाग) द्वारा भिलाई-3 में नवीन उप पंजीयक कार्यालय का शुभारंभ किया और अब नवीन उप पंजीयक कार्यालय बोरी (अचल संपत्ति से संबंधित पंजीयन) प्रारंभ किया जा रहा है।

वहीं दुर्ग, पाटन एवं धमधा में पहले से ही उप पंजीयक कार्यालय संचालित है। नवीन कार्यालय ग्राम बोरी में पुराना तहसील कार्यालय भवन, शासकीय चिकित्सालय के पास संचालित होगा। नवीन कार्यालय में पंजीयन कार्य 16 दिसंबर सोमवार से प्रारंभ होगा। नवीन उप पंजीयक कार्यालय का शुभारंभ विधायक ईश्वर साहू के मुख्य आतिथ्य में 13 दिसंबर को किया जाएगा।

जिला पंजीयक प्रियंका श्रीरंगे ने बताया कि नवीन उप पंजीयक कार्यालय के प्रारंभ होने से चीचा, डोडक़ी, देउरकोना, अरसी, सुखरीकला, टेकापार, तुमाखुर्द, फुण्डा, सिलतरा, बोरीबुजुर्ग, परसदाखुर्द, दनिया, पथरिया, डोमा, नवांगांव, परसदापार, मडिय़ापार, पुरदा, करेली, गाड़ाडीह, लिटिया, जोगीगुफा, सेमरिया, हसदा, चिखला, बिरेझर, हिरी, खर्रा, रौता, टेमरी, पोटिया, सेवती सहित कुल 32 ग्रामों की रजिस्ट्रीयां स्थानीय रूप से हो सकेंगी इससे पक्षकारों को दुर्ग या धमधा जाने की आवश्यकता नहीं होगी। पूर्व में इन ग्रामों की रजिस्ट्रीयां धमधा या दुर्ग में ही होती थीं अब इन सभी क्षेत्रों की रजिस्ट्रीयां नवीन उप पंजीयक कार्यालय बोरी में होंगी। उप पंजीयक कार्यालय का स्थानीयकरण होने से इन क्षेत्रों की निवासी आम जनता को जहां पंजीयन कराने के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। वहीं उप पंजीयक कार्यालय दुर्ग, तथा धमधा में भी क्षेत्र की कमी होने से कार्यालयों में भीड़ कम होगी। 16 दिसंबर से नवीन उप पंजीयक कार्यालय बोरी में इन सभी क्षेत्रों के अंतर्गत आने वाले अचल संपत्तियों से संबंधित समस्त दस्तावेजों का पंजीयन कराया जा सकता है।


अन्य पोस्ट