दुर्ग

तीजन के इलाज के लिए प्रशासन ने दिए 50 हजार, विधायक ने दिए एक लाख
12-Dec-2024 6:41 PM
तीजन के इलाज के लिए प्रशासन ने दिए 50 हजार, विधायक ने दिए एक लाख

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भिलाई नगर, 12 दिसंबर। छत्तीसगढ़ की पंडवानी गायन विधा को विदेशों तक पहुंचाने वाली पद्मश्री पदम् विभूषण और पद्मभूषण से सम्मानित डॉ. तीजन बाई के इलाज के लिए जिला प्रशासन ने 50 हजार रुपए मंजूर किए हैं, वहीं   वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन ने अपने मानदेय से उन्हें एक लाख रूपये देने का निर्णय लिया है। श्री सेन ने बताया कि यह राशि अस्वस्थ तीजन बाई की दवा में काम आएगी।

तीजन बाई लकवा से ग्रस्त हैं और उनके इलाज के लिए परिजनों द्वारा 88 हजार रु. की मदद का आवेदन लंबित है। उन्हें 8 माह से संस्कृति कर्मी मद से पेंशन भी नहीं मिल रही है।

पिछले करीब डेढ़ साल से तीजन बाई लकवा की वजह से बिस्तर पर ही हैं। उनको ब्लड प्रेशर की भी समस्या है। विधायक रिकेश सेन ने कहा कि हाल ही में समाचार उन्हें मिला कि इलाज में होने वाला खर्च तीजन बाई की जमा पूंजी से किया जा रहा है, परिवार की आर्थिक स्थिति भी बहुत अच्छी नहीं है। इसलिए मैंने अपने इस माह के मानदेय से एक लाख रूपये तीजन बाई के उपचार और दवा के लिए देने का निर्णय लिया है।


अन्य पोस्ट