दुर्ग

शराब-गांजा बेचने की शिकायत, आरोपी 6 माह निरूद्ध रहेगा
12-Dec-2024 3:04 PM
शराब-गांजा बेचने की शिकायत, आरोपी 6 माह निरूद्ध रहेगा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 12 दिसंबर।
दुर्ग संभाग के आयुक्त सत्यनारायण राठौर ने पुलिस अधीक्षक के प्रतिवेदन पर स्वापक, औषधि और मन:प्रभावी पदार्थ अवैध व्यापार, निवारण अधिनियम-1988 की धारा-3 सहपठित धारा-11 के तहत न्यायालयीन आदेश पारित कर आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रोहित कनौजिया पिता नंदू कनौजिया निवासी यादव चौक रूआबांधा बस्ती भिलाई को 6 माह के लिए केन्द्रीय जेल दुर्ग में निरूद्ध करने आदेशित किया है। 

प्रकरण में प्रस्तुत ईश्तगासा मय दस्तावेजों का अवलोकन किया गया है। तथ्य के अनुसार रोहित कनौजिया के विरूद्ध नारकोटिक्स एक्ट के 2 मामले दर्ज कर कार्रवाई की गई है। इसके अलावा लड़ाई, झगड़ा व मारपीट, जुआं, आम्र्स एक्ट, हत्या का प्रयास के भी मामले लगातार दर्ज होते रहे हैं। जेल से छूट जाने के पश्चात् लगातार आपराधिक गतिविधियों में संलप्ति रहा है तथा उसकी प्रवृत्ति में कोई सुधार नहीं हुई है। वर्तमान में भी शराब व गांजा सहित अन्य मादक पदार्थ बेचने की शिकायत लगातार मिलती रही है। स्वतंत्र साके कथन से यह तथ्य प्रकाश में आया है कि रोहित कनौजिया रूआबांधा क्षेत्र में हर मोहल्ले में लडक़ों का गेंग बना कर रखा है। साथ ही उक्त क्षेत्र में गांजा/शराब बेचने का कार्य निरंतर किया जा रहा है। जमानत पर न्यायालय से छूट जाने से उसका मनोबल बढ़ता जा रहा है। वह अवैध रूप से शराब व गांजा जैसे नशीली पदार्थों का अवैध व्यापार करने का आदी हो गया है।

ज्ञात हो कि पुलिस अधीक्षक के प्रतिवेदन के अनुसार अनावेदक द्वारा आदतन अपराध घटित करने के कारण इस पर अंकुश लगाने प्रतिबंधक धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। इसके बाद भी इसकी आदतों में कोई सुधार परिलक्षित नहीं हुआ, बल्कि ये अपराधी बन गया है। 

अनावेदक के विरूद्ध थाना भिलाई नगर में 16 विभिन्न अपराधिक प्रकरण दर्ज है। संभागायुक्त राठौर ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए 6 दिसम्बर को न्यायालयीन आदेश पारित कर अपराधिक प्रवृत्ति में संलिप्त रोहित कनौजिया को केन्द्रीय जेल दुर्ग में निरूद्ध करने के आदेश दिए हैं।
 


अन्य पोस्ट