दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 11 दिसंबर। प्रदेश के वरिष्ठ कांग्रेस नेता अरुण वोरा के नेतृत्व में कांग्रेस ने किसानों के हक में आवाज उठाई, जिसमें प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री राजेंद्र साहू, जिला अध्यक्ष गया पटेल, पूर्व महापौर आर.एन. वर्मा और महापौर धीरज बाकलीवाल के साथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी समर्थन दिया। 10 दिसंबर को दुर्ग शहर में जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा एक दिवसीय धरना प्रदर्शन आयोजित किया गया। इस प्रदर्शन का मुख्य उद्देश्य धान खरीदी केंद्रों में फैली अव्यवस्था और किसानों की परेशानियों को लेकर प्रदेश सरकार का ध्यान आकर्षित करना था।
वोरा ने प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कहा किसानों की स्थिति अब बर्दाश्त करने योग्य नहीं रही। प्रदेश सरकार ने चुनावी वादों के बाद भी किसानों के लिए कुछ नहीं किया। धान खरीदी केंद्रों पर बारदाने की कमी, टोकन वितरण में अव्यवस्था, और इलेक्ट्रॉनिक कांटों में 1.5 से 2.5 किलो तक की तीलाई में कमी ने किसानों के सामने और भी मुश्किलें खड़ी कर दी हैं। यह भाजपा सरकार की निष्क्रियता का परिणाम है, और हम किसानों के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करेंगे। प्रदेश महामंत्री राजेंद्र साहू ने कहा, धान की खरीदी के मुद्दे पर सरकार की उदासीनता स्पष्ट है। किसानों के अधिकारों के लिए हम कांग्रेस पार्टी के झंडे तले इस आंदोलन को तेज करेंगे। पूर्व महापौर आर. एन. वर्मा ने कहा, भाजपा सरकार ने किसानों के लिए जो वादे किए थे, वे सिर्फ कागजी साबित हुए हैं। महापौर धीरज बाकलीवाल ने कहा, किसान हमारे समाज के अहम स्तंभ हैं। यदि उनका उत्थान नहीं होगा, तो प्रदेश की प्रगति भी प्रभावित होगी। धान खरीदी केंद्रों में व्याप्त अव्यवस्था से किसानों को भारी नुकसान हो रहा है, और यह स्थिति तत्काल सुधारने की आवश्यकता है। इस दौरान ब्लॉक अध्यक्ष अलताफ अहमद, राजकुमार पाली, राजकुमार साहू, महिप सिंह भुवाल, अजय मिश्रा सहित कांग्रेस पार्षद एवं सभी वरिष्ठ नेता मौजूद थे।