दुर्ग

दूसरे दिन भी खरीदी बंद, फिर भी धान उठाव नहीं हुआ
11-Dec-2024 3:16 PM
दूसरे दिन भी खरीदी बंद, फिर भी धान उठाव नहीं हुआ

उपार्जन केन्द्रों में 19 लाख क्विंटल से अधिक धान जाम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 11 दिसंबर। जिले के अनेक उपार्जन केन्द्रों में लगातार दूसरे दिन भी खरीदी बंद रहने के बावजूद इन केन्द्रों से आज भी धान उठाव शुरू नहीं हो पाया। आश्चर्य का विषय है कि जहां जाम धान की वजह से खरीदी बंद है। उन केन्द्रों से उठाव को लेकर दूसरे दिन भी शासन प्रशासन व जिम्मेदारों द्वारा कोई सुध नहीं ली गई। नतीजन शाम तक डीओ तक नहीं कट पाया था। उठाव को लेकर उदासीनता के चलते उपार्जन केन्द्रों में जाम धान की मात्रा भी बढक़र 19 लाख क्विंटल से पार पहुंच गया है।

 जिला सहकारी बैंक से प्राप्त जानकारी के अनुसार आज सुबह की स्थिति में जाम धान का उठाव नहीं होने की वजह से नगपुरा, दमोदा, भेड़सर, सांतरा एवं कन्हारपुरी में खरीदी बंद रही। इनमें नगपुरा, दमोदा एवं भेड़सर में सोमवार को भी खरीदी बंद थी। विपणन संघ से प्राप्त जानकारी के अनुसार आज शाम तक भी इन केन्द्रों से धान उठाव के लिए डीओ नहीं कटा था। ऐसी स्थिति में बुधवार को भी यहां खरीदी प्रभावित होने की संभावना है जबकि इस संबंध समिति कर्मचारी ने जिम्मेदारों के कार्यालय में आज भी पहुंचकर सूचना दी है।

जानकारी के अनुसार अब तक जिले में 40971 किसानों द्वारा उपार्जन केन्द्रों में कुल 19 लाख 22 हजार 228 क्विंटल धान विक्रय किए जा चुके हैं। इनमें 23480 क्विटल का ही डीओ कटा है और अब तक मात्र 5230 क्विंटल का उठाव हो पाया है। नतीजन जिले के102 उपार्जन केन्द्रों में 19 लाख 16 हजार 998 क्विंटल धान जाम है इनमें 95 उपार्जन केन्द्रों में बफर लिमिट से अधिक धान है। छग प्रगतिशील किसान संगठन के महासचिव झबेन्द्र भूषण वैष्णव का कहना है कि धान खरीदी बंद होने से शासन प्रशासन की नाकामी सामने आ गई है।

किसानों की तकलीफ से सरकार को कोई लेना देना नहीं है। पहले टोकन को लेकर मारामारी की स्थिति रही टोकन मिला तो अब खरीदी बंद होने लगी है। शासन प्रशासन की नाकामी का खामियाजा किसानों को भुगतना पड़ रहा है। 1 नवम्बर से धान खरीदी शुरू होती और पहले से ही समुचित तैयारी की गई होती तो यह नौबत नहीं आती।


अन्य पोस्ट