दुर्ग

केन्द्रों में धान खरीदी रही बंद, अफसर बेखबर
10-Dec-2024 3:10 PM
केन्द्रों में धान खरीदी रही बंद, अफसर बेखबर

धान खरीदी अव्यवस्था का खुला पोल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 10 दिसंबर।
जिले के उपार्जन केन्द्रों में साढ़े सत्रह लाख क्विंटल धान जाम है। उपार्जित धान का उठाव नहीं हो पाने की वजह से जगह के अभाव में जिले के कई उपार्जन केन्द्रों में आज धान खरीदी बंद रही। वहीं मामले में जिम्मेदार अधिकारी इससे बेखबर रहे जबकि समिति के स्टाफ ने खरीदी बंद होने का अधिकारियों को सूचना देने दावा किया है जो जिले में धान खरीदी में व्याप्त अव्यवस्था का बड़ा उदाहरण है।

जानकारी के मुताबिक आज जिले के नगपुरा, भेड़सर, दमोदा सहित कई उपार्जन केन्द्र में धान खरीदी के लिए जगह नहीं होने से धान खरीदी नहीं हो पाई। प्रगतिशील किसान संगठन के झबेन्द्र भूषण ने बताया कि इस संबंध में वाट्सअप के माध्यम से समिति कर्मचारी द्वारा सूचना भी जारी की गई थी। नगपुरा समिति के कर्मचारी रणजीत कुमार ने बताया कि नगपुरा में 47 किसानों के 2155 क्विंटल धान खरीदी का टोकन कटा था। 

उपार्जन केन्द्र में 27096 क्विंटल धान जाम है जबकि समिति की बफर लिमिट 9400 है। जाम धान का उठाव के लिए केन्द्र में जगह नहीं इस कारण नगपुरा में आज खरीदी बंद रही। 
उन्होंने कहा कि उठाव के अभाव में मंगलवार को भी खरीदी बंद रहेगी। उन्होंने बताया कि इस संबंध उनके द्वारा कलेक्टर, तहसीलदार, खाद्य नियंत्रक एवं जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक सीईओ को भी जानकारी दी जा चुकी है। इसी प्रकार भेड़सर के सहायक समिति प्रबंधक प्रदीप बेलचंदन ने बताया कि उनके यहां 30 किसानों के 1700 क्विंटल धान का टोकन आज की तिथि के लिए कटा था मगर केन्द्र में जगह के अभाव में धान खरीदी नहीं हो पाई। 

उन्होंने इस संबंध में कलेक्टर, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक सीईओ, डीएम ओ, पंजीयक सभी को लिखित में इसकी सूचना दी है। जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक सीईओ श्रीकांत चंद्राकर से जिले की कितनी केन्द्रों में खरीदी बंद रही पूछने पर उन्होंने कहा कि बाहर निकला हूं, अपडेट नहीं हूं, आज आफिस में नहीं हूं। समिति द्वारा सूचना की बात पर कहा कि यूनियन द्वारा ज्ञापन आया था। समिति से बंद की जानकारी नहीं है। इस संबंध में लेटेस्ट पोजीशन डीएमओ बताएंगे। 

इस संबंध में डीएमओ भौमिक बघेल से पूछने पर उन्होंने कहा कि कितने उपार्जन केन्द्र में खरीदी नहीं हो पाई, यह जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक बता पाएगा। वे डीओ की जानकारी दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि अब तक 23 लाख क्विंटल धान का डीओ कट चुका है, इसके विरुद्ध 2000 क्विंटल धान का उठाव हो पाया है।
 


अन्य पोस्ट