दुर्ग

नशे में साथी की हत्या, बंदी
08-Dec-2024 3:10 PM
नशे में साथी की हत्या, बंदी

दुर्ग, 8 दिसंबर। शराब पीने के दौरान दोस्तों के बीच हुए विवाद पर शराब के नशे में आरोपी ने लाठी से वार कर अपने ही साथी की हत्या कर दी। मौके पर पहुंची उतई पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।  ग्राम मर्रा निवासी आरोपी मनीराम यदु एवं मृतक त्रिलोकी राम ठाकुर की आपस में दोस्ती थी। 

उतई थाना प्रभारी विपिन रंगारी ने बताया कि आरोपी मनीराम यदु निवासी ग्राम मर्रा शुक्रवार की रात को गांव के ही रहने वाले अपने साथी त्रिलोकी राम ठाकुर के साथ बैठकर शराब पी रहा था। पहले त्रिलोकी राम ठाकुर ने अपने पैसे से शराब मंगाई, इसके बाद दोनों ने शराब का सेवन किया। इसके बाद त्रिलोकी राम ने मनीराम से कहा कि अब तू मुझे अपने पैसे से शराब पिला और शराब लाने के लिए 600 रुपए दे। 

आरोपी मनीराम के पास कैश न होने पर त्रिलोकी राम ने कहा कि क्यूआर कोड के जरिए पैसा भेज। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस होने लगी और विवाद बढऩे पर आरोपी गुस्से में अपने घर गया। आरोपी ने घर जाकर लाठी लाया और त्रिलोकी राम पर लगातार वार कर दिया। इससे त्रिलोकी राम को गंभीर चोटे आई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी वहां से भाग निकला था। 

लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल त्रिलोकी ठाकुर को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र उतई भिजवाया जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।


अन्य पोस्ट