दुर्ग

जल्दी पक रहे टमाटर, तीन दिनों में आधी पहुंच गई कीमत
08-Dec-2024 2:24 PM
जल्दी पक रहे टमाटर, तीन दिनों  में आधी पहुंच गई कीमत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 8 दिसंबर।
तापमान बढऩे से टमाटर के पौधे में लगे फल जल्दी पक रहे हैं। नतीजन आवक बढऩे से तीन दिनों पहले की तुलना में टमाटर की कीमत आधी हो गई है। आसमान में बादल छाए रहने से बढऩे से लगातार तापमान बढ़ रहे हैं। न्यूनतम एवं अधिकतम तापमान दोनों सामान्य से काफी अधिक है, वहीं न्यूनतम तापमान में दो दिनों तक और वृद्धि की संभावना बताई जा रही है।

धमधा विकासखंड के ग्राम जाताधर्रा निवासी टमाटर उत्पादक किसान जालम सिंह पटेल एवं मोहन यादव का कहना है कि तीन दिन पहले तक बाड़ी से व्यापारी 900 से 1000 रूपए प्रति कैरेट की दर से टमाटर खरीद कर ले जा रहे हैं, मगर आज की तिथि में कीमत गिरकर 400 रुपए प्रति कैरेट हो गया है। 

बसनी निवासी कृषक शेर सिंह ठाकुर का कहना है कि तीन दिन पहले उन्होंने 41 रूपए प्रतिकिलो की हिसाब से टमाटर बेचे थे, अब 15 से 18 रुपए प्रतिकिलो की दर से देना पड़ रहा है। तापमान बढऩे से पौधे में लगे टमाटर के फल जल्दी परिपक्व हो रहे हैं, इससे सामान्य दिनों की तुलना में दुगुना से भी अधिक टमाटर निकल रहे हैं। 

जानकारी के अनुसार जिले में आज न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 5.3 डिग्री अधिक है जबकि गुरुवार को जिले में न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस था जो कि सामान्य से 2.2 डिग्री अधिक है। इसी प्रकार अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री था जो सामान्य से 4.6 डिग्री अधिक है। आज कहीं-कहीं थोड़ी बारिश होने से अधिकतम तापमान कल की तुलना में मामूली कम रहा, इसके बाद भी यह सामान्य से 3 डिग्री अधिक है।
 


अन्य पोस्ट