दुर्ग

गांजा तस्करी, 2 आरोपी गिरफ्तार
07-Dec-2024 3:04 PM
गांजा तस्करी, 2 आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 7 दिसंबर। उड़ीसा से गांजा लाकर उत्तर प्रदेश ले जाने की कोशिश कर रहे दो आरोपियों को पकडऩे में कोतवाली पुलिस को सफलता मिली है। आरोपी दुर्ग से छूटने वाली नौतनवा एक्सप्रेस से गोरखपुर पहुंचने की तैयारी में थे, इससे पूर्व ही वह पुलिस के हत्थे चढ़ गए। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ स्वापक औषधि और मन: प्रभावी पदार्थ अधिनियम 1985 की धारा 20 बी के तहत कार्रवाई की है। आरोपी शैलेंद्र कुमार पाठक पिता रविंद्र नाथ पाठक (40) निवासी कबीर नगर उत्तर प्रदेश एवं आरोपी शैलेंद्र कुमार (24) पिता लालमन प्रसाद निवासी कबीर नगर उत्तर प्रदेश के पास से कुल 28 किलो 200 ग्राम गांजा जब्त किया है, जिसकी कीमत 5.60 लाख रुपए आंकी गई है। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे केवल कोरियर बॉय की तरह काम कर रहे हैं।

यूपी में बैठा सरगना उन्हें 10 किलो गांजा पहुंचाने के बदले 6000 रुपए देता था। वह उक्त गांजा को गोरखपुर ले जा रहे थे। उड़ीसा से गांजा लेकर पहले वह अंबिकापुर पहुंचे, फिर गोरखपुर के लिए दुर्ग से नवतनवा एक्सप्रेस पकडऩे वे लोग दुर्ग पहुंचे थे।

पुलिस अधीक्षक जितेंद्र शुक्ला के मार्गदर्शन, नगर पुलिस अधीक्षक दुर्ग चिराग जैन के निर्देशन में पुलिस नशे का कारोबार करने वालों पर नजर रखे हुए थी। मुखबिर से पुलिस को सूचना मिली कि जिला अस्पताल दुर्ग से आगे नल घर के पास दो लोग प्रतिबंधात्मक मादक प्रसाद गांजा बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच कर घेराबंदी करते हुए दोनों आरोपी को पकड़ा।


अन्य पोस्ट