दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 7 दिसंबर। स्वच्छता सर्वेक्षण को लेकर निगम प्रशासन बेहद ही सजग है। शहर की साफ सफाई को लेकर निगम आयुक्त सुमित अग्रवाल लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं। सर्वेक्षण के लिए दिल्ली की टीम दुर्ग निगम कभी भी पहुंच सकती है। इसकी तैयारी निगम प्रशासन द्वारा व्यापक रूप से की जा रही है। कमिश्नर शुक्रवार को मॉर्निंग विजिट के दौरान शहर के अलग अलग क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था का जायजा लेने के लिए पहुंचे।
इस कड़ी में वार्ड 45 पद्मनाभपुर में सफाई ड्यूटी में 2 सुपरवाइजर अनुपस्थित मिले। आयुक्त ने दोनों सुपरवाइजरों का वेतन काटने के निर्देश मौजूद अधिकारियों को दिये। कमिश्नर ने कहा कि वार्ड में अनुपस्थित सुपरवाइजर पाए जाते हैं, उनका वेतन नहीं काटे जाने पर संबंधित अधिकारी के पगार से तीन दिन का वेतन काट दिया जाएगा।
शहर की सफाई व्यवस्था में सुधार लाने के लिए सफाई सुपरवाइजरों पर शिकंजा कसा जा रहा है। आयुक्त ने वार्ड 7 लुचकी तालाब की सफाई और आसपास में फैले गंदगी को साफ के लिए सख्त निर्देश दिये। निरीक्षण के दौरान उन्होंने तालाब के आसपास क्षेत्र में ठेले, खोमचे लगाने वालों द्वारा गंदगी फैलाने पर जुर्माना लगाए जाने की बात कही। ड्यूटी से गायब रहना सफाई सुपरवाइजर को भारी पड़ गया। कमिश्नर ने गीला और सूखा कचरा अलग-अलग कर देने आम नागरिकों से अपील की है। साथ ही उल्लंघन करने पर जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी। कमिश्नर ने निरीक्षण के दौरान वार्ड 8 तकिया पारा में आम नागरिकों को कचरा तथा गंदगी सडक़ पर नहीं फेंकने कहा गया। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य अधिकारी धर्मेंद्र मिश्रा, कर्मशाला अधीक्षक शोएब अहमद, राहुल, कुणाल सहित टीम अमला मौजूद था।