दुर्ग

धान उठाव नहीं होने पर सहकारी समिति कर्मचारियों ने खरीदी बंद करने दी चेतावनी
07-Dec-2024 2:56 PM
धान उठाव नहीं होने पर सहकारी समिति कर्मचारियों ने खरीदी बंद करने दी चेतावनी

मिलर्स पहले ही मांगों पर अड़े हैं

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 7 दिसंबर। उपार्जन केन्द्रों से धान उठाव नहीं होने पर धान में आ रही सुखत से नुकसान को लेकर सहकारी समिति कर्मचारियों में आक्रोश है। सहकारी समिति कर्मचारी संघ दुर्ग, बालोद, बेमेतरा ने आज जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक सीईओ को ज्ञापन सौंपकर उपार्जन केन्द्रों से धान उठाव नहीं होने पर खरीदी बंद करने की चेतावनी दी है। उठाव नहीं होने से जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक अंतर्गत 374 में से 342 उपार्जन केन्द्रों में बफर लिमिट से अधिक धान जाम हो चुका है। वहीं मिलर्स पहले ही अपनी मांगों को लेकर धान उठाव के लिए अनुबंध नहीं करने पर अड़े हैं।

उन्होंने मामले में गुरुवार को डीएमओ कार्यालय का घेराव कर ज्ञापन भी सौंपा है। संघ के अध्यक्ष जागेश्वर साहू का कहना है कि शासन के योजना अनुसार समर्थन मूल्य पर 14 नवम्बर से धान खरीदी प्रारंभ हो गई है, परन्तु अभी तक धान उठाव शुरू नहीं हुआ है, जबकि जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक अंतर्गत कुल 374 केन्द्रों में अब तक 61 लाख 51 हजार क्विंटल से अधिक धान खरीदी हो चुकी है। इनमें दुर्ग जिले के 102 में से 93 उपार्जन केन्द्रों में बफर लिमिट से अधिक धान है। इसी प्रकार बालोद जिले के 143 में से 125 एवं बेमेतरा के 129 में से 124 केन्द्रों में बफर लिमिट से अधिक धान हो गया है। शीघ्र ही इन केन्द्रों से धान का उठाव नहीं किया गया तो धान उपार्जन केन्द्रों में खरीदी बंद हो सकती है। जिसकी समस्त जवाबदारी शासन प्रशासन की होगी। उनका कहना है कि समिति द्वारा किसानों से 17 प्रतिशत नमी पर धान की खरीदी करती है। धान का परिवहन नहीं होने के कारण धान में सूखत आ रही है। ऐसे में सहकारी समिति कर्मचारी उठाव नहीं होने पर खरीदी केन्द्र बंद करने हेतु बाध्य होंगे।

उन्होंने यह भी कहा कि वर्ष 2024-25 में सभी उपार्जन केन्द्रों का बफर लिमिट समान रूप रखा गया है जो न्यायपूर्ण नहीं है। बफर लिमिट अधिक होने के कारण समिति को बहुत अधिक हानि होने की संभावना है। उपार्जन केन्द्रों का बफर लिमिट उनके कुल खरीदी मात्रा के आधार पर तय किया जाए। उन्होंने मांग की है कि धान का उठाव अतिशीघ्र कर बफर लिमिट कम की जाए ताकि धान खरीदी का कार्य सुचारू रूप से चलती रहे। इस दौरान सहकारी समिति कर्मचारी संघ दुर्ग, बालोद, बेमेतरा अनेक लोग मौजूद थे।


अन्य पोस्ट