दुर्ग
खाने के दौरान हुआ था विवाद, चल रही थी पुरानी दुश्मनी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 5 दिसंबर। शादी कार्यक्रम में खाने के दौरान हुए विवाद के बाद एक युवक पर नाबालिग ने चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिया। इससे युवक ग्राम जेवरा निवासी सागर ठाकुर (21) को जगह-जगह गहरी चोंटे आई और उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी चौकी पहुंचकर स्वयं को पुलिस के हवाले कर दिया और पुलिस को जानकारी दी कि उसने चाकू मार दिया है। जानकारी मिलते ही जेवरा सिरसा चौकी पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस ने आरोपी एवं उसके एक अन्य नाबालिग साथी को पकडक़र पूछताछ में लिया है।
3 दिसंबर की रात को सामुदायिक भवन जेवरा में एक शादी का कार्यक्रम हो रहा था। इसमें सागर ठाकुर शामिल हुआ था। शादी कार्यक्रम में नाबालिग आरोपीगण भी पहुंचे हुए थे। सागर ठाकुर एवं आरोपियों की खाना देने की बात को लेकर विवाद हो गया। उनकी आपस में दुश्मनी भी चल रही थी। शादी के कार्यक्रम में भी खाने की बात को लेकर आपस में विवाद हो गया। जानकारी के मुताबिक आरोपियों ने सागर से कहा कि उन्हें रसगुल्ला दे। जब सागर ने उनकी बात अनसुनी कर दी तो वह गुस्से में आ गए। शादी कार्यक्रम में ही विवाद होने लगा था परन्तु लोगों ने मामले को शांत करा दिया था। वहां से निकलकर रात लगभग 11 बजे आरोपी बाहर आए।
शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला जेवरा से लगी हुई गली जो कि जेवरा पुलिस चौकी से सिर्फ 500 मीटर की दूरी पर है वहां पर आरोपी खड़े होकर सागर ठाकुर का इंतजार कर रहे थे। जब सागर ठाकुर वहां से गुजरा तो 15 वर्षीय आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर उस पर चाकू से लगातार वार कर दिया। आरोपी ने सागर के गले पर एक वार एवं पेट व अन्य हिस्सों में चाकू से 8 वार कर दिए। इससे सागर खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी भाग कर चौकी पहुंच गया। इसके बाद चौकी पुलिस हरकत में आई और तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। गंभीर रूप से घायल सागर को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दोनों नाबालिग को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति का है और उस पर कई मामले चल रहे हैं। उल्लेखनीय है कि शहर में नाबालिगों द्वारा मारपीट एवं चाकूबाजी की घटनाओं को लगातार अंजाम दिया जा रहा है। इससे शहर का माहौल खराब होता जा रहा है। लोगों में दहशत व्याप्त हो रहा है। जेवरा सिरसा चौकी क्षेत्र में लगातार घटनाएं बढ़ती जा रही है। पुलिस की लचर व्यवस्था का फायदा आरोपी उठा रहे हैं।
2 दिन से चल रहा विवाद, कार को लगा दी आग
जानकारी के मुताबिक सोमवार की रात को जेवरा सिरसा चौकी अंतर्गत सिरसाखुर्द में दो परिवारों के बीच जमकर मारपीट हो गई थी। चौकी में सुभद्रा गोस्वामी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी मनोज यादव, प्रकाश यादव, खिलेश यादव, नानू ढीमर एवं उसके साथी पुरानी बातों को लेकर उसके घर में घुस गए थे और अश्लील गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी देकर सिर पर डंडे व हाथ मुक्के से मारपीट किए।
आरोपियों ने घर में घुसकर घरेलू सामान, मोटरसाइकिल, स्कूटी, कार को डंडे से मार कर तोडफ़ोड़ कर दिया था। पीडि़ता ने शिकायत दर्ज कराई थी कि खिडक़ी में लगे स्लाइडर, कुलर, गमले को भी तोडफ़ोड़ कर क्षतिग्रस्त कर दिए थे। वहीं दूसरे पक्ष की प्रार्थिया शिवानी यादव ने शिकायत दर्ज कराई थी कि सोनिया गोस्वामी ने उनके घर की खिडक़ी को तोडफ़ोड़ किया था और गाली गलौज की थी। घटना ने इतना विकराल रूप ले लिया कि एक पक्ष ने मंगलवार की रात को दूसरे पक्ष के घर के सामने खड़ी कार को आग के हवाले कर दिया। कार जलकर खाक हो गई। इस मामले में यदि पुलिस पहले ही सख्त कार्रवाई करती तो आगजनी की घटना को रोका जा सकता था। सबसे बड़ा प्रश्न यह है कि नाबालिगों कों आसानी से चाकू कहां से उपलब्ध हो रहे हैं जो नशे की लत में किसी भी घटना को अंजाम दे रहे हैं।