दुर्ग

24 क्विंटल धान जब्त
04-Dec-2024 3:08 PM
24 क्विंटल धान जब्त

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 4 दिसंबर। धान का अवैध व्यापार के संबंध में जिले में लगातर जांच की जा रही है। इस दौरान राजस्व व मंडी की संयुक्त टीम ने अहिवारा क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर दबिश दी कार्रवाई के दौरान दो फुटकर व्यापारियों द्वारा भण्डारण कर रखे गए 55200 रुपए का 24 क्विंटल धान जब्त किया गया। कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी ने धान खरीदी के दौरान बाहर से धान लाकर उपार्जन केन्द्र में कोई भी व्यापारी पात्रता के नाम पर खपाने न पाए, इस पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए। इसके लिए जिले एवं ब्लॉक स्तर पर टीम गठित की गई जो लगातार दबिश देकर जांच कर रही है। जांच के दौरान कई स्थानों पर धान का अवैध भण्डारण करना भी पाया जा रहा है। कलेक्टर के निर्देशानुसार आज भी राजस्व एवं मंडी की संयुक्त टीम ने अहिवारा क्षेत्र में अनेक स्थानों दबिश देकर जांच की।

जानकारी के अनुसार संयुक्त टीम में शामिल नायब तहसीलदार कुंदन शर्मा एवं मंडी उपनिरीक्षक दिनेश शर्मा ने जांच के दौरान ग्राम मुरमुंदा निवासी अशोक जैन द्वारा बोरियों में भरकर 12 क्विंटल धान भण्डारण कर रखा जाना पाया गया। इसी प्रकार ग्राम मोहन्दी में डामेन्द्र साहू ने भी 12 क्विंटल धान का भण्डारण कर रखा था। मामले में दोनों के खिलाफ अवैध व्यापार के संबंध में प्रकरण दर्ज कर मण्डी एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उनके द्वारा भण्डारित कर रखे गए धान जब्त की गई। धान खरीदी शुरू होने के बाद से जिले में लगातार मंडी एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है। अब तक अवैध व्यापार के संबंध में कुल 12 लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किए जा चुके हैं। इन सभी से अवैध रूप से भण्डारित कर रखे गए कुल 196 क्विंटल धान जब्त किए गए हैं।


अन्य पोस्ट