दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुम्हारी, 3 दिसंबर। कुम्हारी स्थित सेवा सहकारी समिति में धान खरीदी शुरू हुए दो सप्ताह बीत चुके है। लेकिन कुम्हारी खरीदी केंद्र में जगह की कमी और ऑनलाइन टोकन को लेकर किसान परेशान हैं। इन दिनों कुम्हारी सोसायटी में धान की बंफर आवक होने के कारण पूरा खरीदी केंद्र धान से भर गया है। अब स्थिति यह है कि जिन किसानों के पास धान बेचने के लिए पहले से टोकन है वे भी खरीदी केंद्र में जगह नहीं होने के कारण अपनी उपज नहीं बेच पा रहे हैं, वहीं पहले से टोकन को लेकर समस्या झेल रहे किसानों के लिए अब जगह को लेकर और बड़ी समस्या उत्पन्न हो गई है। हालांकि समिति प्रबंधक ने जानकारी देते हुए बताया कि खरीदे गए धान का उठाव नहीं होने से खरीदी केंद्र धान से भर गया किसानों की समस्या को देखते हुए महामाया मार्ग स्थित उप खरीदी केंद्र में किसानों का धान खरीदा जाएगा जिसकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। वहीं समिति प्रभारी बसंत साहू ने बताया कि किसानों को समिति प्रबंधन द्वारा हर संभव मदद किया जा रहा है प्रत्येक किसानों को मैनुअल टोकन दिया जा रहा है, वहीं मौसम की बेरुखी को देखते हुए फड़ में धान की सुरक्षा के लिए उपयुक्त संसाधन की उपलब्धता भी सुनिश्चित की गई है। अब तक समिति प्रबंधन द्वारा 137 किसानों से 6121.20 क्विंटल धान खरीदा जा चुका है। जिसके लिए समर्थन मूल्य के हिसाब से 1 करोड़ 40 लाख 84 हजार 224 रुपये की राशि का भुगतान किया गया। हालांकि किसानों से 35 लाख 65 हजार 067 रुपये की ऋण वसूली की गई है। ऋण वसूली के बाद 93 लाख 9 हजार 66 रुपये किसानों के खातों में हस्तांतरित कर दी गई है। जिसमे 12 लाख 10 हजार 090 का भुगतान शेष है।
गौरतलब है कि धान से भरे हुए हुए बोरों को सिलने के लिए इस केंद्र में दो मशीन हैं जिनमे से एक मशीन खराब है इसलिए हाथों से ही बोरोन को सिला जा रहा है। वहीं मौसम विभाग की चेतावनी के बाद से ही बचाव के लिए तालपत्री की व्यवस्था भी की गई है। लेकिन धान की आवक को देखते हुए मौसम के बदलाव की वजह से समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं।
सर्वर की समस्या के चलते किसान नहीं ले पा रहे टोकन
धान बेचने के लिए बनाए गए ऐप टोकन तुंहर हाथ में सर्वर की समस्या के चलते किसानों को टोकन नहीं मिल रहा है। कपसदा निवासी किसान विश्वनाथ साहू ने बताया कि उसे 60 क्विंटल धान बेचना है। लेकिन अब तक उसे ऐप में सर्वर नहीं होने के कारण ऑनलाइन टोकन नहीं मिला है। सोसायटी आया तो 40 प्रतिशत धान बेचने के लिए मैनुअली टोकन दिया गया। बाकी 60 प्रतिशत उपज के लिए और समय का इंतजार करना होगा प्रदेश में बारिश की पूर्ण संभावना है उपज की सुरक्षा के साथ सुखत कि दोहरी समस्या उत्पन्न हो रही है।
ऑनलाइन टोकन नहीं मिल रहा च्वॉइस सेंटरों के चक्कर लगा रहे किसान
कपसदा निवासी किसान रामकुमार साहू ने बताया कि वे टोकन के लिए च्वॉइस सेंटर के चक्कर लगा रहे है लेकिन उनका टोकन नहीं कट रहा है। उसे 170 क्विंटल धान बेचना है। सोसायटी में भी मैनुअल तरीके से छोटे किसानों का ही टोकन कट रहा है।
993 किसानों से लगभग 37 हजार क्विंटल धान की होगी खरीदी
कुम्हारी सेवा सहकारी समिति में 993 किसानों से लगभग 37 हजार क्विंटल धान की खरीदी समर्थन मूल्य पर की जाएगी, लेकिन बीते दो सप्ताह में अबतक महज 137 किसानों से 6121 क्विंटल धान की खरीदी की गई है। जबकि टोकन नहीं मिलने से मात्र 186 किसानों का टोकन कट पाया है।