दुर्ग

मणप्पुरम फायनेंस की महिला ब्रांच मैनेजर गिरफ्तार
02-Dec-2024 2:18 PM
मणप्पुरम फायनेंस की महिला ब्रांच मैनेजर गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 2 दिसंबर।
मणप्पुरम गोल्ड फायनेंस कंपनी लिमिटेड रिसाली की ब्रांच मैनेजर लक्ष्मी यादव ( 30) को नेवई पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बताया जाता है कि महिला ब्रांच मैनेजर ने बेईमानी से खरीदे 23 तोला सोना को गिरवी रख लिया था और जब्ती के लिए पुलिस के दिए नोटिस की अनदेखी करती रही। पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ धारा 420, 406, 411 एवं 120 बी के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई की है।

नेवई थाना प्रभारी आनंद शुक्ला ने बताया कि 4 अक्टूबर को हेमंत सोनी ने रिपोर्ट दर्ज कराया था कि इनका रिसाली गांव में लक्ष्मी ज्वेलर्स है। 13 से 17 मई 2024 के बीच वैशाली नगर निवासी विवेक शर्मा के द्वारा प्रार्थी की दुकान से लगभग 23 तोला सोना का जेवर कीमती 18,71,282 रू का क्रय किया गया। इसके एवज में 10 लाख रूपए का चेक भरकर दिया। जिसे बैक में लगाने पर बाउंस होने से रकम की मांग करने पर पुन: चेक दिया। वह भी बाउंस हो गया। रकम मांगने पर आज कल दूंगा बोलकर घुमाने पर प्रार्थी की रिपोर्ट पर आरोपी के विरूद्ध अपराध कायम कर विवेचना में लिया गया। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए टीम गठित की। आरोपी विवेक शर्मा को 4 अक्टूबर को गिरफ्तार कर रिमांड पर भेजा गया है। गिरफ्तार आरोपी विवेक शर्मा ने पूछताछ में बेईमानी पूर्वक क्रय किये सोने को मणप्पुरम फायनेंस लिमिटेड रिसाली में गिरवी रखना बताया। पुलिस ने मणप्पुरम फायनेंस लिमिटेड रिसाली के प्रबंधक को गिरवी रखे सोने को पेश करने के लिये कईं बार नोटिस दिया। लेकिन उनके द्वारा सोने को जब्ती हेतु पेश नहीं किया गया। आरोपी द्वारा बेईमानी पूर्वक प्राप्त सोने के जेवरात को प्रबंधक द्वारा जानते हुए भी आरोपी के कृत्य में अपराधिक षडयंत्र का साथ देना पाये जाने से ब्रांच मैनेजर लक्ष्मी यादव निवासी सोरिद नगर धमतरी हाल निवास मणप्पुरम गोल्ड फायनेंस कंपनी आजाद मार्केट रिसाली को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड तैयार कर पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया है।
 


अन्य पोस्ट