दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 30 नवंबर। जनपद पंचायत दुर्ग की शुक्रवार को आयोजित सामान्य सभा बैठक में धान खरीदी अव्यवस्था को लेकर जनपद सदस्य जमकर बिफरे। बैठक में आनलाइन टोकन व्यवस्था में किसानों को हो रही परेशानी का मुद्दा छाया रहा। बैठक में सदस्यों द्वारा सर्वसम्मति से ऑफलाइन टोकन देने का प्रावधान करने प्रस्ताव लेकर शासन को भेजने निर्णय लिया गया।
सदस्यों ने कहा कि ऑनलाइन टोकन के लिए सर्वर की समस्या के चलते किसानों को चाइस सेंटरों में दिन भर बैठना पड़ रहा है। इसी तरह किसानों द्वारा विक्रय के लिए लाये जाने वाले पूरे धान को हूंडी लगवाया जा रहा है। इसमें छोटे किसानों को काफी परेशानी हो रही है। अध्यक्ष देवेन्द्र देशमुख ने कहा रेंडम में कुछ बोरियों के धान का हूंडी लगाया जाए। सदस्यों ने कहा कि किसानों के धान करगा का थोड़ा भी छिटा होने पर नहीं लिया जा रहा है। उनका कहना है किसानों ने समिति से ही बीज लेकर उत्पादन लिया, जिसमें ही करगा निकल रहा है मतलब किसान ने जो बीज लिया है उसमें भी यह रहा होगा, फिर भी इसे किसान छांट रहे हैं। इसके बावजूद करगा के छिटा को लेकर परेशान किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कुछ प्रतिशत मामूली छिटा की स्थिति में छूट देकर किसान के धान की खरीदी की जाए। सदस्य रूपेश देशमुख ने कहा ऑनलाइन टोकन में दो-तीन बार लिमिट के हिसाब से टोकन कट रहा है। ऐसे छोटे किसानों को बार-बार धान विक्रय करने में ट्रांसपोर्टिग का अतिरिक्त भार के साथ अन्य तरह की भी परेशानी हो रही है। कृषि सभापति राकेश हिरवानी ने कहा धान खरीदी व्यवस्था का निरीक्षण जनपद सदस्यों की टीम से भी कराई जाए। निरीक्षण के दौरान जनपद अध्यक्ष, कृषि सभापति एवं क्षेत्रीय जनपद सदस्य मौजूद रहेंगे। उक्त निरीक्षण के लिए भी प्रस्ताव लिया गया।
जनपद सदस्य रूपेश देशमुख ने कहा कि ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करने एक ही गांव में अमृत मिशन, समूह नल जल योजना एवं पेयजल आपूर्ति तीन अलग अलग मद से राशि स्वीकृत किए गए हैं। जनपद क्षेत्र के 3 ग्राम पंचायतों जलजीवन का पहले ही टेंडर हो चुका है। वहीं समूह नल जल योजना का भी टेंडर हो गया। उन्होंने पीएचई विभाग के बैठक में मौजूद अधिकारी से जानना चाहा कि इन ग्रामों टंकी निर्माण एवं पाइप लाइन का जो कार्य चल रहा है इसमें किस मद का पैसा खर्च हो रहा है मगर विभागीय अधिकारी इसका गोलमोल जवाब देने लगे।
बैठक में मौजूद विधायक ललित चंद्राकर ने कहा कि जवाब पता नहीं हैं तो गोलमोल जवाब न दें सही जवाब दें, तभी विकास अंतिम व्यक्ति तक पहुंच पाएगा। उन्होंने कहा कि इसका मतलब है आप क्षेत्र का विजिट नहीं करते। इसी तरह चंद्राकर ने उद्यानिकी विभाग द्वारा कीट वितरण के दौरान क्षेत्रीय पंचायत प्रतिनिधियों को भी आमंत्रित करने निर्देश दिए। बैठक में उपाध्यक्ष झमित गायकवाड़, सभापति टिकेश्वरी देशमुख, हरेन्द्र देव धृतलहरे, सरस्वती सेन, नोहर साहू सहित अन्य सदस्य एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।