दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 30 नवंबर। व्हाट्सएप कॉल पर मैसेज के माध्यम से संपर्क कर ट्राई, सीबीआई, ईडी के अधिकारी बनकर प्रार्थी को डिजिटल अरेस्ट करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने सीक्रेट सुपरविजन अकाउंट में प्रार्थी से 49 लाख रुपए ट्रांसफर करा कर पैसों की वेरीफाई करने के नाम पर धोखाधड़ी की थी। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बैंक खाते में रजिस्टर सिम व मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
पुलिस ने बताया कि 16 नवंबर को प्रार्थी इंद्र प्रकाश कश्यप निवासी रुआबांधा भिलाई ने भिलाई नगर थाना में शिकायत दर्ज कराई कि अज्ञात नंबर से व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से ट्राई के नाम से फोन करके तथा बाद में अन्य नंबरों से व्हाट्सएप्प कॉलिंग के माध्यम से फोन लगाकर सीबीआई, ईडी तथा सुप्रीम कोर्ट के गिरफ्तारी वारंट व अन्य नोटिस भेज कर डिजिटल अरेस्ट का भय दिखाते हुए 49 लाख रुपए की धोखाधड़ी आरोपी ने कर ली है। प्रार्थी की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामले की जांच प्रारंभ कर दी थी।
पुलिस अधीक्षक जितेंद्र शुक्ला के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर सुखनंदन राठौर, नगर पुलिस अधीक्षक भिलाई नगर सत्य प्रकाश तिवारी, उप पुलिस अधीक्षक हेम प्रकाश नायक के मार्गदर्शन में एसीसीयू प्रभारी निरीक्षक तपेश्वर नेताम व थाना प्रभारी भिलाई नगर निरीक्षक प्रशांत मिश्रा के नेतृत्व में संयुक्त टीम गठित की गई थी। टीम ने प्रार्थी से संपर्क कर घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी ली।
प्रार्थी के मोबाइल पर आने वाले व्हाट्सएप नंबर और बैंक अकाउंट के संबंध में जानकारी एकत्र कर बारीकी से विश्लेषण किया गया। ठगी में उपयोग किया गया बैंक के खाते का स्टेटस प्राप्त किया गया, जिसमें सूक्ष्मता से विश्लेषण करने पर यह जानकारी प्राप्त हुई कि घटना करने वाले आरोपी द्वारा औरंगाबाद के आईसीआईसीआई बैंक के खाते का उपयोग किया गया था। धारक की विस्तृत जानकारी व मोबाइल नंबर बैंक के माध्यम से प्राप्त की गई थी।
औरंगाबाद महाराष्ट्र पुलिस महानिरीक्षक से अनुमति प्राप्त कर टीम रवाना की गई थी। टीम ने अथक प्रयास करते हुए बैंक में रजिस्टर, मोबाइल फोन के आधार पर जांच की। खाता धारक आरोपी बापू श्रीधर भराड़ की उपस्थिति ग्राम राहे गांव औरंगाबाद में होना पाया गया। आरोपी बापू श्रीधर (40) बजाज नगर औरंगाबाद महाराष्ट्र स्थाई पता ग्राम राहे गांव थाना वैजापुर जिला संभाजी नगर महाराष्ट्र को उसके गृह ग्राम से पकडऩे में पुलिस को सफलता मिली।