दुर्ग

डीएपी खाद की किल्लत बरकरार, इस वर्ष अब तक मात्र 28 फीसदी ही उपलब्ध
25-Nov-2024 3:42 PM
डीएपी खाद की किल्लत बरकरार, इस वर्ष  अब तक मात्र 28 फीसदी ही उपलब्ध

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 25 नवंबर। जिले में अभी भी डीएपी खाद की किल्लत बरकरार है। इसकी वजह से बहुत से किसान चना, गेहूं आदि की बोनी नहीं कर पा रहे हैं। गत वर्ष रबी 2023-24 में आज की तिथि में कुल लक्ष्य का 55.58 प्रतिशत डीएपी का भण्डारण हो चुका था। इस वर्ष रबी 2024-25 में अब तक प्राप्त लक्ष्य के विरुद्ध मात्र 28.70 प्रतिशत ही डीएपी खाद उपलब्ध कराए जा सके हैं।

धमधा क्षेत्र के ग्राम गोबरा निवासी कृषक ठाकुरराम साहू का कहना है कि रहटादाह सहकारी समिति में डीएपी खाद के अलावा यूरिया भी नहीं है मात्र पोटाश एवं राखड़ उपलब्ध है। किसान डीएपी खाद के लिए पहले से ही दुकान एवं समिति का चक्कर काट रहे हैं। खाद उपलब्ध नहीं होने से रबी बोनी का कार्य पिछड़ रहा है।

ग्राम मोतिमपुर निवासी किसान संतोष यादव का कहना है कि वे 15 एकड़ में चना एवं गेहूं की फसल लेते हैं मगर खाद उपलब्ध नहीं होने से अब तक बोनी शुरू नहीं कर पा रहे हैं। बोनी पिछडऩे से उत्पादन भी प्रभावित होगा। किसान दानेश्वर साहू का कहना है कि बरहापुर सहकारी समिति में अभी भी डीएपी खाद नहीं है। किसान रोज खाद के लिए समिति का चक्कर काट रहे हैं।

जिले में रबी वर्ष 2024-25 में कुल 4000 टन डीएपी खाद भण्डारण का लक्ष्य है। इसके विरुद्ध अब तक मात्र 1148 टन डीएपी उपलब्ध है, इनमें भी 938 समितियों में पहले से उपलब्ध प्रारंभिक स्कंध से 1 अक्टूबर से अब तक मात्र 216 टन ही डीएपी का ही भण्डारण किया गया। वर्तमान में भण्डारित 363 डीएपी का वितरण होने के बाद मात्र 785 टन ही विभिन्न समितियों मे उपलब्ध है जबकि गत रबी वर्ष में आज की तिथि तक कुल 1534 टन डीएपी का भण्डारण हो चुका था। इनमें 460 टन का वितरण किया जा चुका था।


अन्य पोस्ट