दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 19 नवंबर। धान का अवैध भण्डारण करने वालों पर जिले शिकंजा कसा जा रहा है ताकि धान खरीदी के दौरान बाहर से लाकर उपार्जन केन्द्रों में न खपाया जा सके। इसकी निगरानी के लिए बनाई गई कृषि उपज मंडी दुर्ग की टीम ने धमधा क्षेत्र विभिन्न स्थानों पर दबिश देकर जांच की जांच के दौरान 5 लोगों द्वारा अवैध रूप से भण्डारण कर रखे गए 56.20 क्विंटल धान जब्त कर अवैध व्यापार के संबंध में प्रकरण दर्ज किया जब्त किए गए धान की कीमत 1 लाख 25 हजार 260 रुपए हैं।
ज्ञात हो कि कलेक्टर द्वारा धान खरीदी के दौरान गड़बड़ी रोकने सख्त निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। उनके निर्देशानुसार कृषि उपज मंडी दुर्ग सचिव पवन कुमार मेश्राम के मार्गदर्शन में मंडी उपनिरीक्षकों की टीम में शामिल दिनेश शर्मा, सोनम ठाकुर, अरुण कन्नौजे ने धमधा में विभिन्न स्थानों पर दबिश देकर जांच की। जांच के दौरान धमधा निवासी अजीत कुमार जैन से 10, दिनेश महोबिया 10.20, रमाशंकर अग्रवाल 12, पकनकुमार गायकवाड़ 11 एवं नवरत्न ताम्रकार के पास से 13 क्विंटल धान जब्त किया गया। मामले में मंडी एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर कार्रवाई की जा रही है।
धान खरीदी पर भी इस बार शासन प्रशासन का सख्त पहरा है। पात्रता के नाम पर धान खपाने वालों पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है। शासन के निर्देशानुसार इसके लिए टीम बनाई गई है। इस टीम में राजस्व विभाग से संबंधित अनुविभाग के अनुविभागीय अधिकारी, मंडी एवं खाद्य विभाग के अधिकारी शामिल है।