दुर्ग

इस वर्ष एक भी पीएम आवास स्वीकृत नहीं हितग्राहियों संग सरपंच ने सौंपा ज्ञापन
12-Nov-2024 2:54 PM
इस वर्ष एक भी पीएम आवास स्वीकृत नहीं  हितग्राहियों संग सरपंच ने सौंपा ज्ञापन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 12 नवंबर। प्रधानमंत्री आवास योजना वर्ष 2024 में ग्राम पंचायत देवादा से एक भी हितग्राही का चयन नहीं किया गया है, जबकि उक्त ग्राम पंचायत क्षेत्र से आवास प्लस सूची में 191 हितग्राहियों का नाम दर्ज है, इससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। आक्रोशित ग्रामीणों ने सरपंच उर्वशी वर्मा के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।

सरपंच वर्मा का कहना है कि ग्राम पंचायत के आवास प्लस की सूची में 191 हितग्राहियों का नाम दर्ज है। इसके बावजूद 2024 में ग्रामीण आवास योजना के अंतर्गत जारी सूची में एक भी हितग्राही का चयन नहीं किया गया है। जिसके चलते हितग्राही कार्यालय ग्राम पंचायत देवादा में जानकारी हेतु आते हैं। शासन द्वारा ग्राम पंचायतों को कोई भी जानकारी उपलब्ध नहीं कराया गया है। इस कारण असमंजस की स्थिति बन जाता है।

 उन्होंने मांग की है कि इस संबंध में हितग्राही एवं ग्राम के सरपंच को उचित मार्गदर्शन दी जाए। जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत जिले के ग्रामीण क्षेत्र की आवास प्लस सूची में कुल 11 हजार 960 हितग्राहियों का नाम है, मगर जिले के ग्रामीण क्षेत्र आवास प्लस में वित्तीय वर्ष 2024-25 में मात्र 2315 आवास का लक्ष्य मिला है। लक्ष्य के अनुसार प्राप्त सूची में जिन हितग्राहियों नहीं आया है, वे अपने ग्राम पंचायत के सरपंचों के प्रति नाराजगी जाहिर कर रहे हैं। इससे कई सरपंच परेशान है।

ग्राम पंचायत रसमड़ा सरपंच का कहना है कि उनके ग्राम में भी आवास प्लस सूची में 5 सौ से अधिक का नाम था, मगर एक भी हितग्राही का नाम नहीं है। सूची में जिनका नाम है वे उनके पास आकर कहते हैं कि रसमड़ा में ऐसा क्या हो गया जो एक भी का नाम नहीं आया है, ऐसा कहते हुए वे उनके प्रति नाराजगी जताते हैं।

ऐसे ही ग्राम पंचायत पीपरछेड़ी एवं महमरा में भी है, जहां के सरपंच भी इसकी वजह से ग्रामीणों की नाराजगी झेल रहे हैं। ग्राम पंचायत जंजगिरी सरपंच रेखा चतुर्वेदी का कहना है कि उनके ग्राम में आवास प्लस सूची में 240 से अधिक लोगों का नाम है, मगर एक भी का नाम नहीं आया है, इससे सूची में शामिल लोगों को वे जवाब देने की स्थिति में नहीं है। नतीजन ग्रामीण रोष जता रहे हैं। वहीं दूसरी ओर कुछ ग्राम पंचायत ऐसे हैं, जहां सूची में शामिल सभी लोगों के नाम आवास के लिए आया है। ऐसी स्थिति में हितग्राहियों की नाराजगी झेल रहे सरपंच दुविधा की स्थिति में है।


अन्य पोस्ट