दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 11 नवंबर। चिटफण्ड कम्पनियों में जिले में निवेशकों का करोड़ों रुपए फंसा हुआ है। मामले में हित संरक्षण संघर्ष संगठन ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने जमा पैसा जमाकर्ताओं एवं निवेशकों को वापस दिलवाने मांग की है।
ज्ञात हो कि कुछ साल पहले चिटफंड कंपनी में जिन निवेशकों का पैसा जमा है उनसे आवेदन मांगे गए थे। इसमें लगभग एक लाख आवेदन जमा हुए थे। इन निवेशकों का करोड़ों रुपए चिटफंड कंपनियों में जमा है।
हित संघर्ष संगठन के सदस्य द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया है कि छग राज्य की भोली-भाली जनता द्वारा, कमीशन पर काम करने वाले अपने परिचितों के माध्यम से, कम्पनी के प्रभाव एवं उनके बहकावे में आकर, अपनी मेहनत की गाढ़ी कमाई-पैसों को यश ड्रीम, सनशाइन, एच.बी.एन., टोगो हेल्थ, एस.एस. बिजनेस, निर्मल इंफ्रा होम, सर्वोदय मल्टीट्रेड, एन.डी. इंडिया, आरोग्य धनवर्षा, साईं प्रसाद, साई प्रकाश, एम.आई. हेल्थ, अनमोल इंडिया एग्रो, बेसिल इंटरनेशनल एवं बामसी इंडिया इत्यादि नाम से छग राज्य अंतर्गत पूर्व में संचालित चिटफण्ड कम्पनियों एवं सहारा कम्पनी की संचालित विभिन्न जमा एवं निवेश स्कीमों में जमा किए। उन्हें अपने भविष्य की जरूरत की पूर्ति हेतु, सुरक्षा बचत के रूप में जमा करवाया गया था, जिनमें से बहुत से जमाकर्ताओं एवं निवेशकों का पैसा आज तक उन्हें वापस प्राप्त ही नहीं हुआ है, ऐसे प्रभावित एवं पीडि़त जमाकर्ता एवं निवेशक आज भी अपना जमा पैसा वापस प्राप्त करने के लिये दर-दर भटक रहे हैं। कुछ चिटफण्ड कम्पनियों के संचालकों के खिलाफ छग राज्य के विभिन्न जिलों के जिला न्यायालयों में मामला विचाराधीन है, परन्तु पीडि़त एवं प्रभावित जमाकर्ताओं एवं निवेशकों को आज तक कोई राहत प्राप्त नहीं हुई है।
उन्होंने मांग किया है कि आवेदन पर विचार कर, दुर्ग जिले की पीडि़त जमाकर्ता एवं निवेशकों को, जिले अंतर्गत पूर्व में संचालित चिटफण्ड कम्पनियों एवं सहारा कम्पनी में उनका जमा पैसा, उन चिटफण्ड कम्पनियों एवं सहारा कम्पनी की कुर्क संपत्तियों या उनकी संपत्तियों की विधिवत कुर्की पश्चात् विक्रय/ नीलामी से प्राप्त धन राशि के माध्यम से, विधिवत शीघ्र वापस प्रदान किए जाने हेतु कार्रवाई करवाई जाए।