दुर्ग

बीएसपी के कई मकानों पर गैंगस्टर का था कब्जा...
09-Nov-2024 2:53 PM
बीएसपी के कई मकानों पर गैंगस्टर का था कब्जा...

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 9 नवंबर। पुलिस पर अपराधी ने बचने के लिए फायरिंग की, जवाबी हमले में पुलिस ने भी गोली चलाई जिसमें फरार निगरानीशुदा बदमाश अमित जोश की मौत हो गई। शुक्रवार को जयंती स्टेडियम के पास पुलिस ने आदतन अपराधी सेक्टर 6 निवासी अमित जोश की घेराबंदी की। पुलिस को देख अमित जोश ने पुलिस पर फायरिंग की बचाव में पुलिस ने फायरिंग की जिसमें अमित जोश की मौत हो गई।

अमित जोश पर लूट, हत्या सहित 49 मामले दर्ज थे। पूर्व में अमित जोश ने तीन लोगों पर पिस्टल से गोली चलती थी जिसमें सुनील यादव और आदित्य सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घायलों को गंभीर स्थिति में रायपुर अस्पताल ले जाकर भर्ती किया गया था। इस घटना के बाद से अमित जोश फरार चल रहा था। अमित जोश ने 2 साल पहले केंद्रीय जेल के असिस्टेंट जेलर के घर कुछ हथियारबंद नकाबपोशों के साथ हमला किया था। आरोपियों ने घर का दरवाजा तोडऩे की कोशिश की थी इस मामले में पुलिस ने कुख्यात बदमाश अमित जोश को गिरफ्तार किया था।

2024 में जुनवानी निवासी गरिमा साहू ने भिलाई नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि 30 अप्रैल 2024 को अमित जोश सुबह 7 बजे उसके घर में जबरदस्ती घुसा और गाली गलौज करने लगा था। मना करने पर उसने हथियार के बल पर उसके साथ बुरी तरह मारपीट की थी। उसके बाद पुलिस ने अमित जोश को गिरफ्तार किया। अमित जोश की दादागिरी इतनी चरम सीमा पर थी कि वह हॉस्पिटल सेक्टर व अन्य सेक्टरों में बीएसपी के कई क्वार्टर पर कब्जा जमा कर रखा था। वह बीएसपी के क्वार्टरों को कब्जा कर उन्हें किराए पर देता था, इससे उसकी काफी कमाई होती थी। अमित जोश का इतना दबदबा था कि बीएसपी के अधिकारी भी कार्रवाई करने से डरते थे।

गोलीकांड के बाद पुलिस ने अमित के घर और उसके अवैध कब्जे वाले क्वार्टर पर बुलडोजर चलाने की कार्रवाई की थी। पुलिस अधीक्षक जितेंद्र शुक्ला ने बताया कि अमित जोश आदतन अपराधी था। तीन-चार थाने में ही उस पर लगभग 35 से अधिक मामले दर्ज थे। लूट, प्राण घातक हमला, चाकूबाजी सहित कई मामलों में वह लिप्त था। किसी को भी मार देना, उसकी जान ले लेना उसके लिए छोटी बात थी। फरार अमित जोश की खोज में पुलिस की टीम लगी हुई थी। उसको अरेस्ट करने का प्रयास किया जा रहा था। 2 दिन पहले सूचना मिली कि वह भिलाई क्षेत्र में आया हुआ है। आज पुलिस की टीम ने उसे रोकने का प्रयास किया तो उसने पुलिस पर फायरिंग की।

जवाबी हमले में पुलिस ने पहले उसके पैर पर गोली मारी। इसके बाद भी आरोपी पुलिस पर फायरिंग करता रहा। इस पर पुलिस ने जवाबी हमला किया। आदतन बदमाश अमित जोश ने पुलिस पर 7-8 राउंड फायरिंग की। वहीं पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। अपराधी के ऊपर पुलिस द्वारा 10000 रुपए का इनाम रखा गया था।


अन्य पोस्ट