दुर्ग

तालाबों की सफाई का आयुक्त ने किया निरीक्षण
06-Nov-2024 4:14 PM
तालाबों की सफाई का आयुक्त ने किया निरीक्षण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 6 नवंबर। छठ पूजा के पहले शहर के चिन्हित तालाबों की साफ-सफाई का जायजा लेने नव पदस्थ आयुक्त सुमित अग्रवाल मंगलवार की सुबह वार्ड 21 पुजारी तालाब पहुंचे। उन्होंने साफ सफाई व्यवस्था बेहतर करने के लिए निर्देश दिए और नागरिकों से अपील की वे तालाबों को साफ रखने में निगम की मदद करें। तालाबों में पूजन सामग्री विसर्जित न करें।

उन्होंने निरीक्षण के मौके पर कहा कि छठ महापर्व के दौरान एक स्वच्छ एवं साफ वातावरण में श्रद्धालु पूजा करने को मिले। नगर निगम स्वास्थ्य विभाग पूरी टीम मुस्तैदी के साथ कार्यों का निष्पादन करे। सभी अपने-अपने संबंधित जोन में सफाई अभियान को प्राथमिकता के साथ मॉनिटरिंग करे। आयुक्त ने कहा कि अगले 24 घंटों के भीतर सभी चिन्हित छठ तालाबों की संपूर्ण सफाई सुनिश्चित करें।

आयुक्त सुमित अग्रवाल ने स्वास्थ्य अधिकारी धर्मेन्द्र मिश्रा, शोएब अहमद, एमएमयू कुणाल, राहुल व टीम के साथ वार्ड 21 पुजारी तलाब साफ सफाई व्यवस्था सहित छठ पूजा से पहले तालाबों की साफ सफाई की स्थिति का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व के दौरान छठ व्रतियों के साथ-साथ लाखों श्रद्धालु छठ घाटों पर भगवान भास्कर को अघ्र्य देने के लिए जुटते हैं। इसके लिए निगम स्तर से साफ सफाई व्यवस्थाओं की तैयारियां की जा रही है। निरीक्षण के दौरान मौके पर स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि साफ-सफाई की दृष्टिकोण से सभी चिन्हित छठ तालाबों और उसके सभी संपर्क पथों पर विशेष सफाई अभियान दीपावाली के पूर्व से ही चलाई जा रही है, जिसमें अतिरिक्त सफाई कर्मी भी लगाए गए हैं।

आयुक्त सुमित अग्रवाल ने बटालियन वार्ड 60 ओवरब्रिज के करीब एसएलआरएम में डोर टू डोर कचरा संग्रहण की जानकारी रिपोर्ट मांगी। उन्होंने निरीक्षण के दौरान रजिस्टर की जांच की।

निरीक्षण के दौरान आयुक्त सुमित अग्रवाल को स्वास्थ्य अधिकारी ने जानकारी बताया कि एसएलआरएम सेंटर में एकत्रित कर कचरों का पृथकीकरण के बाद सूखे कचरे से प्राप्त पॉलीथीन को बेलिंग मशीन से बंडल बनाकर निष्पादन हेतु भेजा जा रहा है।

 इसी तरह गीले कचरों का पृथकीकरण के बाद एसएलआरएम सेंटर में सोनहा खाद बनाया जा रहा है। इसे खाद के रूप में प्रयोग किया जा रहा है। इस कार्य में तेजी आने के बाद अब निगम क्षेत्र में पॉलीथीन के कचरों का ढेर भी अब नजर नहीं आता।


अन्य पोस्ट