दुर्ग

रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ राज्योत्सव का आगाज
06-Nov-2024 3:55 PM
रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ राज्योत्सव का आगाज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 6 नवंबर। छत्तीसगढ़ देश के विकसित राज्यों से स्पर्धा कर रहा है इसका श्रेय पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी को जाता है। शासकीय अधिकारी उनके पास आने वाले परेशान व दुखी व्यक्ति की समस्या दूर करने तत्पर रहेंगे, तब यह छत्तीसगढ़ विकसित छत्तीसगढ़ बन पाएगा। गंजमंडी प्रांगण दुर्ग में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ राज्योत्सव का आगाज करते हुए सांसद बृजमोहन अग्रवाल के मुख्य आतिथ्य आसंदी से यह बात व्यक्त की। कार्यक्रम की अध्यक्षता दुर्ग शहर विधायक गजेन्द्र यादव ने की। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में विधायक रिकेश सेन, जिला पंचायत अध्यक्ष पुष्पा यादव थे।

श्री अग्रवाल ने कहा कि छग की औद्योगिक पहचान जिले के भिलाई इस्पात संयंत्र से है। बीएसपी के कारण ही छग का औद्योगिक विकास हुआ है। 25 साल का नौजवान छग पूरी देश दुनिया में नाम कमा रहा है। लोगों ने सोचे नहीं थे कि छग इतनी तेजी से विकास करेगा। प्रदेश के विकास में उन्होंने सभी लोगों को भागीदार बनने अपील की। उन्होंने कहा कि देश ऐसा कोई राज्य नहीं है जो 31 सौ रुपए प्रति क्विंटल की दर से 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान खरीद रहा हो, यह कार्य सिर्फ छग में हो रहा है।

उन्होंने कहा कि महतारी वंदन से महिलाओं को स्वावलंबी बनाने का कार्य के साथ गरीबों को पीएम आवास योजना के तहत पक्का मकान दिया जा रहा है। इसके पहले कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी ने जिले में चल रहे विकास कार्यों को लेकर विस्तारपूर्वक अपनी बात रखी। इस दौरान पूर्व मंत्री जागेश्वर साहू, रमशिला साहू एवं जिला भाजपा अध्यक्ष जितेन्द्र वर्मा, संभागायुक्त, आईजी एवं एसपी मौजूद थे।

राज्योत्सव कार्यक्रम स्थल पर 29 शासकीय विभागों द्वारा स्टाल लगाकर विभागीय योजनाओ की प्रदर्शनी लगाई गई, जहां आदिवासी विकास विभाग के स्टाल में छत्तीसगढ़ी गहनों, वाद्ययंत्रों व आदिवासी संस्कृति एवं जन जीवन से जुड़ी प्रदर्शनी लगाई गई, जो लोगों के लिए आकर्षण का केन्द्र बना हुआ है। वहीं जल संसाधन विभाग द्वारा सिंचाई परियोजनाओं का बनाया गया आकर्षक मॉडल भी लोगों का ध्यान खींच रहा है। उद्योग विभाग के स्टाल में विभागीय योजना का लाभ लेकर कच्ची तेल घानी यूनिट लगाकर सीएस जनबंधु द्वारा बनाए गए सरसो, फल्ली, तिल्ली, नारियल, बादाम, अखरोट, नीम का तेल भी लोगों को खूब पसंद आया। शिक्षा विभाग के आकर्षक स्टाल में भी लोगों की अच्छी भीड़ रही। वहीं उद्यानिकी विभाग के स्टाल में दवाई छिडक़ाव करने वाले ड्रोन को लेकर भी लोगों में काफी उत्सुकता थी। राज्योत्सव के दौरान फूड जोन में 9 स्टाल लगाए गए थे। इन स्टालों में ठेठरी, खुरमी, अनरसा, गुलगुला भजिया एवं विभिन्न प्रकार के छत्तीसगढ़ी व्यंजन थे। कार्यक्रम में पहुंचे लोगों की इन स्टालों भारी भीड़ थी। जिन्होंने छत्तीसगढ़ी व्यंजनों का यहां खूब लुत्फ उठाया।

बृजमोहन अग्रवाल कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि पूर्व सरकार के समय दुर्ग जिले में मुख्य मंत्री, गृहमंत्री, पंचायत मंत्री सहित 5 मंत्री थे, फिर भी विकास अवरुद्ध हो गया था। उन्होंने राज्योत्सव में पाटन विधायक भूपेश बघेल एवं अन्य कांग्रेस नेताओं के नहीं पहुंचने पर कहा कि कांग्रेसी राज्य स्थापना दिवस के खुशी के मौके पर भी भागीदारी नहीं दे रहे हैं।


अन्य पोस्ट