दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 5 नवंबर। दिवाली के पर्व पर जहां लोग अपने परिवार के साथ खुशियां मना रहे थे, वहीं जन समर्पण सेवा संस्था ने जरूरतमंदों की जिंदगी में खुशियों के रंग भरने का अनोखा कार्य किया। संस्था ने इस वर्ष खुशियों की दीपावली सप्ताह का आयोजन किया, जिसमें 27 अक्टूबर से 1 नवम्बर तक अलग-अलग स्थानों में जाकर सेवा कार्य करते हुए हर जरूरतमंदों को खुशियों की दीपावली बनाने हेतु नया कपड़ा, मिष्ठान, नमकीन, साबुन, निरमा, बर्तन, चॉकलेट, नाश्ता एवं भोजन का वितरण किया।
संस्था ने इस वर्ष दुर्ग-भिलाई के लगभग सभी वृद्धाश्रमों, महिला आश्रमों बाल आश्रम एवं निचली बस्तियों में इस दिवाली की सुबह-सुबह जरूरतमंद परिवारों के बीच जाकर मिठाई, कपड़े, जूते-चप्पल, स्वेटर और पटाखों का वितरण किया गया।
संस्था के अध्यक्ष योगेन्द्र शर्मा ने बताया कि संस्था द्वारा इस वर्ष दुर्ग भिलाई के सभी आश्रमों एवं निचली बस्तियों में लगभग 400 कुर्ता पैजामा, 300 साड़ी, 200 सलवार सूट एवं 300 बच्चों को खुशियों की दीपावली बनाने के लिए नया कपड़ा साथ ही साथ मिष्ठान, नमकीन, साबुन, निरमा एवं अन्य जरूरत की सामग्री का वितरण किए। खुशियों की दीपावली सप्ताह के अंतिम दिवस ग्राम मोहलाई में जरूरतमंद बच्चों के साथ दीवाली मनाई, जिसमें लगभग 500 बच्चों को दीवाली बनाने के लिए पटाखा, मिष्ठान, नमकीन, टिफिन बॉक्स, चॉकलेट एवं अन्य सामग्री का वितरण किया गया।
कार्यक्रम में पायल जैन, संस्था के अध्यक्ष योगेन्द्र शर्मा बंटी, आशीष मेश्राम, प्रकाश कश्यप, सुजल शर्मा, राजेन्द्र ताम्रकार, रूपल गुप्ता, प्रतिभा पुरोहित, अर्जित शुक्ला, महेंद्र साहू, अख्तर खान, मृदुल गुप्ता, दद्दू ढीमर, ऋषि गुप्ता, मोहित पुरोहित, चन्की मनहरे, किशन चौरसिया, अश्वनी साडेकर, अमन मनहरे, अनमोल पांडेय, नमन खंडेलवाल, अक्षत, सुयश गुप्ता, सार्थक शर्मा, मोक्ष शर्मा, डोमन सिन्हा, संजय सेन, वेदांत शर्मा, शिबू खान, दुर्गेश यादव एवं अन्य सदस्य उपस्थित थे।