दुर्ग

मीटर रीडिंग ठेका कर्मियों का आंदोलन शुरू
02-Nov-2024 3:33 PM
मीटर रीडिंग ठेका कर्मियों का आंदोलन शुरू

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 2 नवंबर।
भिलाई चरोदा के बिजली कंपनी में मीटर रीडिंग के साथ ही स्पाट बिलिंग करने वाले ठेका कर्मियों को अब स्मार्ट मीटर लगने से रोजी रोटी की चिंता सताने लगी है। कई वर्षों से उक्त ठेका श्रमिक कंपनी में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। अब उन्हें हटाया जाता है तो वे कहीं के नहीं रह जाएंगे। परेशान ठेका श्रमिकों ने बिजली कंपनी के चेयरमैन के नाम ज्ञापन सौंपते हुए मांग की है कि वितरण केंद्रों में सेवा पर रखें अथवा अन्य कार्यों में संलग्न करें। ठेका श्रमिकों ने कहा कि उक्त मुद्दे को लेकर वे एक नवंबर से आंदोलन पर जा रहे हैं।
पांच दिवसीय सांकेतिक रूप से काम बंद करेंगे

बिजली कंपनी के स्पाट बिलिंग व मीटर रीडर ठेका कर्मचारी संघ ने बिजली कंपनी के चेयरमैन के नाम ज्ञापन स्थानीय जोन कार्यालयों में सौंपा। इसमें कहा गया है कि वितरण कंपनी में कार्यरत मीटर रीडर्स कई वर्षों से स्पट रीडिंग बिलिंग का कार्य करते आ रहे हैं। 

प्रांतीय अध्यक्ष मीटर रीडर संघ देवलाल पाटले ने बताया कि एक माह पूर्व भी बिजली वितरण कंपनी के एमडी के नाम ज्ञापन सौंपा गया था। परंतु कुछ भी नहीं हुआ। यहां स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य चल रहा है। स्मार्ट मीटर लग जाने के बाद मीटर रीडरों की आवश्यकता नहीं होगी। अपनी चिंता से प्रबंधन को अवगत कराया।

चेयरमैन के नाम ज्ञापन सौंपा। मीटर रीडर संघ ने कहा कि वे एक नवंबर से पांच दिनों के लिए सांकेतिक रूप से काम बंद करेंगे। इसके बाद भी काम नहीं बना तो हड़ताल करेंगे।
अवगत कराते हुए केंद्रीय ऊर्जा मंत्रालय भारत सरकार के अनुसार छग विद्युत वितरण कंपनी के मोटर रीडरों को रीडिंग बिंलिग के अतिरिक्त अन्य कार्यों पर रखा जा सकता है। वितरण केंद्रों में एक व दो अतिरिक्त पालियों में एक कुशल व थो अकुशल कर्मियों को रखा जाना है।

उक्त कार्य के लिए आवश्यक ट्रेनिंग देकर मीटर रीडरों से कार्य कराया जा सकता है। छह माह की अवधि को बढ़ाकर हर मीटर रीडर को आवश्यक ट्रेनिंग देकर कार्य लें इससे वितरण कंपनी को राजस्व की बचत होगी।
 

 


अन्य पोस्ट