दुर्ग

सोहई बनाने के सामग्री से सजा बाजार
02-Nov-2024 2:40 PM
सोहई बनाने के सामग्री से सजा बाजार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 2 नवंबर।
सोहई बनाने के सामग्री का बाजार कई जगहों पर सजा हुआ है, जहां यादव समाज के लोग मोरपंख, बांख आदि की खरीददारी कर रहे हैं। महीने भर पहले से समाज के लोग सोहई बनाने का कार्य शुरू कर चुके हैं।

उतई बाजार में पिछले महीने भर से हर शुक्रवार को सोहई बनाने एवं राऊत नृत्य से संबंधित साज सामान का बड़ा बाजार सज रहा है, जहां दूर-दूर ग्रामों से लोग इसकी खरीददारी करने पहुंचते हैं। बांख-मोरपंख आदि का महीने भर पहले से खरीद करना शुरू कर देते हैं। दुर्ग शनिचरी बाजार में भी ऐसे सामानों का बाजार लगता है। फिर यादव समाज के लोग गाय चराते हुए बांख को रस्सी के रूप में आंटने का काम करते हैं फिर इसे अलग-अलग रंगों में रंगकर इसी से सोहई बनाते हैं। 

सोहई में मोरपंख डालकर इसे आकर्षक ढंग से सजाया जाता है। डेरहा यादव एवं केजूराम यादव बताते हैं कि सोहई बनाने का काम माह भर पहले शुरू करना पड़ता है, तब जाकर पूरा सोहई बनकर तैयार होता है, फिर ये सोहई गोवर्धन पूजा एवं मातर के दिन गौधन को बांधे जाते हैं। कई किसान अपने घर में पाले गए गायों को देवउठनी एवं पूर्णिमा के दिन भी बंधवाते हैं, जिस हिसाब से सोहई बनाने का कार्य चलता रहता है। पहले राऊत नृत्य करते समय उपयोग किए जाने वाले फूलेता लाठी व साजू यादव समाज के लोग खुद बनाते थे मगर अब यह बाजार में भी रेडीमेड मिलने लगा है। 

रंग बिरंगे फूलेता लाठी एवं कौडिय़ों की लड़ी से सजे साजू अनायास ही लोगों का ध्यान खींच लेता है। इसके अलावा दीवाली के समय लाठी की भी अच्छी बिक्री होती है। राऊत नृत्य करते समय हाथ में लाठी लिए उमंग के साथ जोशपूर्ण अंदाज में यादव समाज के लोग दोहा पारते हैं।
 


अन्य पोस्ट