दुर्ग

धान खरीदी को लेकर प्रशासनिक तैयारी को लेकर कवायद तेज
02-Nov-2024 2:37 PM
धान खरीदी को लेकर प्रशासनिक तैयारी को लेकर कवायद तेज

किसानों को टोकन जारी कर की जाएगी धान खरीदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 2 नवंबर।
धान खरीदी को लेकर जिले प्रशासनिक तैयारी को लेकर कवायद तेज हो गई है। इसी कड़ी में बीआईटी में जिले के सभी सहकारी समितियों के समिति प्रबंधक व कंप्यूटर ऑपरेटरों को प्रशिक्षण दिया गया। खरीदी केन्द्रों में धान के नियंत्रित एवं व्यवस्थित रूप से उपार्जन के लिए किसानों को टोकन जारी कर धान की खरीदी करने कहा गया है।

खाद्य नियंत्रक टीएस अत्री एवं जिला विपणन अधिकारी भौमिक बघेल ने प्रशिक्षण के दौरान बताया कि धान खरीदी के लिए सीमांत एवं लघु कृषक को अधिकतम दो टोकन एवं दीर्घ कृषकों को अधिकतम तीन टोकन प्रदाय किया जाए। धान खरीदी अवधि का पर्याप्त प्रचार-प्रसार हो ताकि किसान उक्त अवधि के दौरान अपना धान लाकर विक्रय कर सके। धान खरीदी के अंतिम दिन पर्ची जारी नहीं की जाए। धान खरीदी के अंतिम दिन शाम 5 बजे तक जो धान खरीदी केन्द्र में विक्रय हेतु आएगा उसे उसी दिन तौल कर खरीदी की जाएगी।

प्रशिक्षण में बताया गया कि बायोमेट्रिक आधारित धान खरीदी हेतु किसान स्वयं या उसके द्वारा नामांकित एक नामिनी को खरीदी केन्द्र में उपस्थित होकर बायोमेट्रिक एथेन्टिकेशन के आधार पर धान विक्रय किया जा सकेगा। नामिनी के रूप में किसान के परिवार के नामित सदस्य (माता/पिता, पति/पत्नी, पुत्र/पुत्री, दामाद/पुत्रवधू, सगा भाई/बहन) एवं अन्य करीबी रिश्तेदार को मान्य किया जाएगा। आधार प्रमाणीकरण यदि बायोमेट्रिक के माध्यम से नहीं होता है उस स्थिति में अंतिम विकल्प के रूप में आधार से लिंक मोबाईल नंबर में ओटीपी भेजकर किसान, नामांकित व्यक्ति का पहचान प्रमाणीकरण का विकल्प भी रहेगा। खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 में धान खरीदी केन्द्रों में समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी इलेक्ट्रॉनिक तौल यंत्र के माध्यम से की जाए, अपवादिक स्थिति में ही अनुविभागीय अधिकारी राजस्व की अनुमति के पश्चात तौल कांटा-बांट के माध्यम से धान की खरीदी की जा सकेगी। उपार्जन केन्द्रों में नमी की जांच कर किसानों को आवश्यक समझाईश देने कहा गया। किसी भी स्थिति में 17 प्रतिशत से अधिक नमी का धान क्रय नहीं किया जा सकेगा।
 


अन्य पोस्ट