दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 30 अक्टूबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए रोजगार मेले में युवाओं को 51,000 से अधिक नियुक्ति पत्र बांटे। रोजगार मेला देशभर में 40 जगहों पर आयोजित किया गया।
इसी कड़ी में भिलाई अंतर्गत कला मंदिर सिविक सेंटर में भारतीय डाक विभाग द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग आयोजित किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में दुर्ग ग्रामीण विधायक व राज्य ग्रामीण एवं अन्य पिछड़ा वर्ग क्षेत्र विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष ललित चंद्राकर, अध्यक्षता दुर्ग शहर विधायक गजेंद्र यादव, विशेष अतिथि के रूप में मुख्य पोस्टमास्टर जनरल छत्तीसगढ़ परिषद रायपुर वीणा आर श्रीनिवास, मुख्य अधीक्षक डाकघर दुर्ग बीएल जांगड़े, निदेशक डाक हेडक्वार्टर रायपुर छत्तीसगढ़ दिनेश कुमार मिस्त्री, कार्यपालिक निदेशक मानव संसाधन विभाग भिलाई इस्पात संयंत्र पवन कुमार की उपस्थिति में नियुक्ति पत्र वितरण किया गया। जिसमें राजस्व विभाग, उच्च शिक्षा विभाग, गृह मंत्रालय, रक्षा मंत्रालय, स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय जैसे विभिन्न मंत्रालयों और विभागों में भर्ती हुए लोग शामिल हुए।
दुर्ग ग्रामीण विधायक व राज्य ग्रामीण एवं अन्य पिछड़ा वर्ग क्षेत्र विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष ललित चंद्राकर ने विभिन्न क्षेत्रों में चयनित अभ्यर्थियों को दीपावली और राज्योत्सव की बधाई देते हुए कहा कि राज्य सरकार की मंशा है कि आप सबके सहयोग से विकसित और समृद्ध छत्तीसगढ़ बनाएंगें। उन्होंने कहा कि आपकी जहां भी पदस्थापना हो वहां अपने दायित्वों का निर्वहन बेहतर से बेहतर तरीके से करें। ताकि सरकार की महत्वपूर्ण योजनाएं है उनको अंतिम छोर तक बैठे व्यक्ति तक सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास करे। दुर्ग शहर विधायक गजेंद्र यादव ने सभी चयनित युवाओं को शुभकामनाएं प्रेषित किया। नियुक्ति पत्र पाने वाले अभ्यर्थी निधि ने कहा दीपावली के पहले नियुक्ति पत्र मिलने से हमारे जीवन में त्यौहारों की खुशियां दोगुनी हो गई है।
देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का धन्यवाद ज्ञापित करती हूं। इस अवसर पर बड़ी संख्या में नियुक्ति पाने वाले अभियार्थी व अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।