दुर्ग

संचार-संकर्म कमेटी की बैठक
29-Oct-2024 3:21 PM
संचार-संकर्म कमेटी की बैठक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 29 अक्टूबर। संचार एवं संकर्म कमेटी की बैठक जनपद पंचायत दुर्ग में सभापति टिकेश्वरी लाल देशमुख की अध्यक्षता में हुई। इसमें ग्रामीण सेवा यांत्रिकी विभाग के कार्यों लेकर सभापति देशमुख जमकर बिफरे। पंचायत सेक्टर व ग्रामीण यांत्रिकी विभाग के कार्यों में गति नहीं आने का मुद्दा गर्माया रहा। संचार संकर्म समिति की इस बैठक में मौजूद सभी सदस्यों ने इसे लेकर नाराजगी जताई।

सभापति एवं सदस्यों ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि लोक सेवा यांत्रिकी विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी द्वारा सहयोग न मिलने के कारण पंचायत सेक्टर के एवं ग्रामीण यांत्रिकी विभाग के निर्माण कार्य में गति नहीं आ रही है। उन्होंने कहा कि लगातार अनुभागीय अधिकारी, ग्रामीण यांत्रिकी जनपद के उप यंत्री लगातार स्थानांतरण का शिकार हो रहे हैं, इसलिए काम में प्रगति नहीं आ रही है।

सभापति टिकेश्वरी लाल देशमुख ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा है कि 15 दिन के तहत पंचायत सेक्टर के सारे कार्यों की उपलब्धि के साथ आगामी बैठक में उपस्थित हो। साथ ही आरईएस एवं ग्राम पंचायत के कार्यों की 15 दिवस तक प्रगति की रिपोर्टिंग प्रस्तुत करें। उन्होंने जल संसाधन विभाग के प्रस्तावित कार्य, अछोटी नदी पिचिंग कार्य, आलबरस नदी पिचिंग कार्य, भरदा शिवनाथ नदी पिचिंग कार्य के लिए प्रकरण तैयार कर बजट प्रावधान हेतु प्रशासनिक कार्रवाई के लिए निर्देश दिया।

सभापति ने कहा कि दुर्ग ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में उद्दहन सिंचाई योजना-भरदा, चंदखुरी, पाऊवारा, थनौद, जंजगिरी जैसे अन्य ग्रामों में मृत पड़ी हुई है, जिसके लिए सरकार को ठोस योजना बनाने का निर्णय लिया गया। जिससे खेती के लिए किसानों को पर्याप्त पानी मिल सके। जो लंबित है उसे प्रकरण तैयार कर शासन को भेजने कहा गया ताकि किसानों को खेती के लिए पानी मिल सके।

उन्होंने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को निर्देशित करते हुए कहा कि वृहद पेय जल योजना निकुम चंदखुरी बोरी के कार्यों को तत्काल शीघ्रता के साथ पूरा किया जाए इस हेतु आदेशित किया एवं लोक निर्माण विभाग के सडक़ों की समीक्षा की। मुख्यमंत्री प्रधानमंत्री सडक़ योजना की भी जानकारी ली। उन्होंने क्रेडा, ब्रिज विभाग के अनुपस्थिति पर बैठक में उपस्थित नहीं होने पर कारण बताओ नोटिस के लिए कलेक्टर को पत्र प्रेषित करने का निर्णय लिया। बैठक में मनरेगा 15वीं वित्त आयोग जनपद निधि एवं अन्य निर्माण कार्यों की समीक्षा की गई।

इस अवसर पर सभी विभाग के अनुविभागीय अधिकारी उप यंत्री सहित समिति के सदस्य भाना बाई ठाकुर, प्रीति वैष्णव, हेम कुमारी देशमुख, डोमन भारती, दीपिका चंद्राकर, डोमेश्वरी देशमुख एवं अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट