दुर्ग

परमेश्वर हत्याकांड: शव लेकर पहुंचे थाने, गिरफ्तारी की मांग कर प्रदर्शन
28-Oct-2024 3:27 PM
परमेश्वर हत्याकांड: शव लेकर पहुंचे थाने, गिरफ्तारी की मांग कर प्रदर्शन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 28 अक्टूबर। शनिवार को दिनदहाड़े शांतिनगर में परमेश्वर निर्मलकर उर्फ टोबू की चाकू मारकर हत्या मामले में घटना के 24 घंटे बाद भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज मृतक के परिजन व मोहल्लेवासी रविवार की सुबह मृतक परमेश्वर निर्मलकर के पोस्टमार्टम के बाद शव को शव वाहन में लेकर मोहननगर पुलिस थाना पहुंचे और आक्रोश जताया। आक्रोशित लोगों ने थाना में आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर नारेबाजी की। आक्रोशित लोग पुलिस थाना में धरना के रुप में घंटो डटे रहे। पुलिस के आलाधिकारियों की समझाइश के बाद शांत हुए और शव वाहन को लेकर मृतक के शांतिनगर आवास के लिए रवाना हुए।

मिली जानकारी के अनुसार शांतिनगर निवासी परमेश्वर निर्मलकर शनिवार की दोपहर 2.30 बजे अपने साथी जितेन्द्र सोनी के साथ बाइक से मोहल्ले में स्थित एक मोबाइल दुकान जा रहा था। दुकान के सामने आरोपी विकास क्षत्री पहले से ही बैठे हुआ था। आरोपी ने परमेश्वर को देखकर गाली-गलौज देनी शुरु कर दी, जिसका परमेश्वर और जितेन्द्र ने विरोध किया गया तो आरोपी विकास क्षत्री गुस्से में आ गया। इस दौरान आरोपी ने अपने पास रखे चाकू से परमेश्वर के पेट पर वार कर दिया। बीच बचाव करने आए जितेन्द्र सोनी पर भी आरोपी ने हमला किया। दोनों को लहूलुहान हालत में देखकर आरोपी चाकू को मौके पर छोडक़र भाग खड़ा हुआ।

सूचना पर पुलिस टीम ने घायल परमेश्वर और जितेन्द्र को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान परमेश्वर निर्मलकर ने दम तोड़ दी,वहीं जितेन्द्र सोनी की हालत स्थिर बताई गई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी विकास क्षत्री उर्फ पिंटू आदतन बदमाश प्रवृत्ति का है। वह नशे का भी आदी है। वारदात के दौरान भी वह नशे में था। बताया गया है कि मृतक परमेश्वर और विकास पहले दोस्त थे,लेकिन दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था, जिसकी परिणति परमेश्वर निर्मलकर की हत्या की घटना सामने आई है। मृतक परमेश्वर निर्मलकर की दो दिन पहले ही शादी हुई थी। घटना के बाद से उसका परिवार सदमें में है।


अन्य पोस्ट