दुर्ग
समितियों को व्यवस्था सुनिश्चित करने निर्देश
दुर्ग, 27 अक्टूबर। इस बार सभी उपार्जन केन्द्रों में इलेक्ट्रानिक तौल यंत्र के माध्यम से धान खरीदी की जाएगी। वर्तमान में जिले के आधे से अधिक समितियों में इलेक्ट्रानिक कांटा उपलब्ध नहीं है। धान खरीदी शुरू होने के पहले सभी समितियों को इक्लेक्ट्रानिक कांटा की व्यवस्था सुनिश्चित करने निर्देश दिए गए हैं। शासन द्वारा जारी खरीफ के लिए धान खरीदी को लेकर दिशा निर्देश जारी किया गया है। इसके मुताबिक खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 में धान खरीदी केन्द्रों में समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी इलेक्ट्रॉनिक तौल यंत्र के माध्यम से ही किया जाएगा। अपवादिक स्थिति में ही अनुविभागीय अधिकारी राजस्व की अनुमति के पश्चात तौल कांटा-बांट के माध्यम से धान की खरीदी की जा सकेगी। इसलिए इलेक्ट्रॉनिक तौल यंत्र की व्यवस्था समिति द्वारा सुनिश्चित करने कहा गया है। जानकारी के मुताबिक जिले में कुल 87 सहकारी समितियां है। वर्तमान में इनमें 42 समितियों के पास ही 115 इलेक्ट्रानिक कांटा उपलब्ध है। 45 समितियों के पास इलेक्ट्रानिक कांटा नहीं है। इन समितियों में कांटा बाट के माध्यम से धान खरीदी होती आ रही है। मगर शासन के निर्देशानुसार इन समितियों में खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 में धान खरीदी के लिए इलेक्ट्रानिक कांटा की व्यवस्था करना होगा। एक समिति में धान खरीदी के लिए 3-4 कांटा की जरूरत होती है। इस लिहाज से जिले के समितियों में लगभग डेढ़ सौ इलेक्ट्रानिक कांटा की जरूरत है। जिले 102 उपार्जन केन्द्रों के माध्यम से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की जाएगी। खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 में जिले के किसानों से कुल 648484 टन धान खरीदी का लक्ष्य है जबकि गत वर्ष जिले में कुल 587000 टन धान खरीदी की गई थी। इस प्रकार गत वर्ष की तुलना में इस बार 61 हजार टन अधिक धान खरीदी की जाएगी।