दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 27 अक्टूबर। जिला पंचायत परिसर में आज से दो दिवसीय बिहान मेला प्रारंभ हो गया। बिहान मेला के स्टालों में महिला समूहों द्वारा तैयार किए उत्पाद सजे हुए हैं।
बिहान से जुड़ी महिला समूह के इन स्टालों में दीपावली से संबंधित सामग्रियों सहित विभिन्न प्रकार के सामान उपलब्ध है जो यहां पहुंच रहे लोगों के लिए आकर्षण का केन्द्र बना हुआ है।
बिहान मेला में ग्रामीण क्षेत्र की स्व-सहायता समूह की दीदीयों द्वारा विभिन्न प्रकार के उत्पादन व सामग्रियों का निर्माण कर उन्हें विक्रय किया जाता है। जिला पंचायत समूह की दीदियों को इस कार्य के लिए प्रोत्साहित करने में सहायता करता है। जिला प्रशासन द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों सेे उत्पादों को शहर तक लाने की मुहीम चलाई जा रही है। जिसके तहत हर साल दीपावली त्योहार के पहले इसका आयोजन किया जाता है। ग्रामीण स्व-सहायता समूह की दीदियों उत्पाद की बिक्री होने से वे आत्मनिर्भरता की दिशा में आपना कदम बढ़ा रही है।
जिला पंचायत दुर्ग के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अश्वनी देवांगन ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष में बिहान मेला का आयोजन जिला पंचातय परिसर में किया गया है। बिहान राष्ट्रीय आजीविका मिशन दुर्ग में स्व-सहायता समूह की दीदियों द्वारा बनाए जा रहे विभिन्न उत्पादन व सामग्रियों का विक्रय हेतु एक मंच प्रदाय किया जा रहा है। इस बार लगभग 50 स्व-सहायता समूह के उत्पादों को विक्रय हेतु प्रदर्शनी में लगाया गया है।
27 अक्टूबर तक चलने वाले हस बिहान मेला में स्व-सहायता समूह की दीदियों द्वारा अपने उत्पादन की सामग्री दिवाली त्यौहार के पूर्व सजावटी सामग्री, दीया बत्ती, मोमबत्ती, धान का झूमर, आर्टिफिशियल ज्वेलरी, आचार, जैविक सब्जी, फिनाईल, उजाला, कपड़े, मसाले, अगरबत्ती, छत्तीसगढी व्यंजन आदि उत्पादन को बड़ी संख्या में विक्रय किया। स्टालों में महिलाओं द्वारा तैयार किए गए दीपावली पूजा सामान, बैग, साबुन, आचार, बड़ी, पापड़, फैंसी, अगरबत्ती, तेल, मसाला, वाशिंग पाउडर, दीया, मोमबत्ती, माउथ फ्रेशनर, झूमर, साड़ी, स्टेशनरी, लड्डू, सजावटी सामान आदि उपलब्ध है। इसके अलावा फूड स्टाल भी लगा, जहां लोग ठेठरी, खुरमी, गुलगुला भजिया, अनारसा, बड़ा, फरा आदि छत्तीसगढ़ी व्यंजनों का लुत्फ उठा रहे हैं।