दुर्ग

शिवनाथ में एक युवक डूबा, एक को लोगों ने बचाया
26-Oct-2024 3:00 PM
शिवनाथ में एक युवक डूबा, एक को लोगों ने बचाया

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 26 अक्टूबर।
अन्य शहर से आकर भिलाई के पीजी में रह पढ़ाई कर रहे युवक को पिकनिक मनाने शिवनाथ नदी स्थित महमरा एनीकट पर आना भारी पड़ गया। पानी में डूबने से एक युवक की मौत हो गई, वहीं डूब रहे एक अन्य युवक को आसपास के मछुआरों ने बचा लिया। मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस मर्ग कायम कर विवेचना कर रही है। बताया जाता है कि एक युवक का बर्थ डे था जिसे मनाने के लिए सभी दोस्त वहां पहुंचे थे।

पुलिस के मुताबिक शुक्रवार की दोपहर को रिसाली में पीजी में रहने वाले लगभग 10 छात्र पिकनिक मनाने में महमरा एनीकट पहुंचे थे। सभी युवक मौज मस्ती कर रहे थे। इसके बाद युवक नहाने के लिए नदी में उतरे। नहाने के दौरान अचानक रायगढ़ निवासी आचरण कुजूर 18 वर्ष का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में जाने लगा। 

कोतवाली के एएसआई कीरेंद्र सिंह ने बताया कि इसी दौरान वहां पर मौजूद एक अन्य छात्र कुणाल टांडिया (18 ) निवासी बीजापुर उसे मदद करने पहुंचा। देखते ही देखते आचरण कुजूर गहरे पानी में चला गया और कुणाल भी गहरे पानी में डूबने लगा। यह देख अन्य साथी चीख पुकार मचाने लगे। शोर सुनकर आसपास के मछुआरे व ग्रामीण पहुंच गए और तुरंत नदी में कूद गए। लोगों ने किसी तरह कुणाल को गहरे पानी में डूबने से बचा लिया। वहीं आचरण कुजूर पानी में डूब गया। आचरण के शव को ग्रामीणों ने बाहर निकाला। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को जिला अस्पताल भिजवाया।
 


अन्य पोस्ट