दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 26 अक्टूबर। समितियों में बाजार से दुगुने दाम में तारपोलिन और तौल मशीन खरीदी की तैयारी की खबरे आ रही है। तौल मशीन व तारपोलीन का अधिकांश कोटेशन में क्रमश: 10 व 7 हजार तक कोट किया गया है, जबकि बाजार में तौल मशीन 4-5 एवं तारपोलीन 3-4 हजार रुपए में उपलब्ध है।
छग प्रगतिशील किसान संगठन के राजकुमार गुप्त ने इसका खुलासा करते हुए इसकी जांच करने मांग की। गुप्त का कहना है कि छत्तीसगढ़ सरकार ने इस साल सरकारी खरीद में धान की तौल के लिए इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन से करने का निर्णय लिया है। इसके परिपालन में समितियों द्वारा तौल मशीन की खरीद करने के लिए कोटेशन मंगाए गए हैं। इसके अलावा तारपोलिन खरीदी करने भी कोटेशन आमंत्रित किया गया है। 1 क्विंटल तक तौल करने वाले इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन बाजार में 4-5 हजार रुपए में उपलब्ध है किंतु अधिकांश कोटेशन में इसकी कीमत लगभग 10 हजार रुपए कोट किए गए हैं। इसी प्रकार 3-4 हजार रुपए में बाजार में तारपोलिन उपलब्ध है जबकि अधिकांश कोटेशन में 7 हजार रुपए कीमत कोट किया गया है। इसके अलावा सोसायटी को जीएसटी का भुगतान भी करना है, कोटेशन देने वाले कुछ फर्म और उनके जीएसटी नंबर पर भी उन्होंने संदेह व्यक्त किया है। उनका कहना है कि वर्तमान में केंद्रीय सहकारी बैंक में निर्वाचित प्रतिनिधि नहीं है बैंक में अध्यक्ष के पद पर जिला कलेक्टर प्रभारी अधिकारी हैं। इसी प्रकार समितियों में भी निर्वाचित प्रतिनिधि नहीं है और बैंक के कर्मचारी ही समिति प्रबंधक के रूप में समितियों के कार्य को संचालित कर रहे हैं। छत्तीसगढ़ प्रगतिशील किसान संगठन के गुप्त ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी से आग्रह किया है कि समितियों में तारपोलिन और इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन की खरीद के लिए फर्मों के कोटेशन और उनके जीएसटी नंबर की जांच कराये और किसी भी स्थिति में इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन खरीदी 5 हजार और तारपोलिन की खरीद 4 हजार रुपए से अधिक दाम में न हो यह सुनिश्चित करें। इसके अलावा किसान संगठन के नेता ने सहकारिता विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों से भी मांग की है कि बैंक और समितियों की किसानों की धनराशि का लूट रोकने के लिए तत्काल कार्रवाई करें। यहां यह बताना लाजिमी है कि जिले बहुत से सहकारी समितियों के कर्मचारियों को वेतन के लाले पड़े है, इसे लेकर अनेक समितियों में कर्मचारी हड़ताल कर रहे हैं।