दुर्ग
कार की डिक्की में भरकर ला रहे थे 20 किलो से अधिक गांजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 26 अक्टूबर। कार में गांजा रखकर ओडिशा से भिलाई लाने वाले आरोपी को कोर्ट ने सजा दी है। विशेष न्यायाधीश एनडीपीएस एक्ट सुनीता टोप्पो ने आरोपी शेख सिराजुल पिता शेख मोसिन को एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 (ख) (2) (ग) सहपाठी धारा 29 के तहत 20 वर्ष सश्रम कारावास, 1,00,000 रुपए जुर्माना की सजा सुनाई है।
अभियोजन पक्ष की ओर से विशेष लोक अभियोजक एनडीपीएस एक्ट विजय कसार ने पैरवी की थी। थाना पाटन पुलिस को 25 अक्टूबर 2023 को मुखबीर से सूचना मिली कि एक कार में गांजा रखकर उड़ीसा से अभनपुर होते हुए भिलाई लाया जा रहा है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घेराबंदी करते हुए स्विफ्ट डिजायर कार क्रमांक सीजी 07 एम ए 0099 को रोका। इस कार में आरोपी शेख सिराजुल निवासी सेक्टर 7 भिलाई तथा उसकी सहयोगी सुंदर जीत जाल निवासी सुपेला भिलाई बैठा हुआ था। पुलिस ने कार की डिग्गी की तलाशी ली तो एक प्लास्टिक की बोरी में 22.380 किलोग्राम मादक पदार्थ गांजा मिला।
आरोपीगण बिना अनुमति के गांजा ला रहे थे। विजय कसार ने बताया कि इस मामले में अभियुक्त सुंदर जीत जाल की प्रकरण के विचारण के दौरान 22 सितंबर 2024 को मृत्यु हो गई थी, इससे अभियुक्त को मृत घोषित कर प्रकरण को इसके विरुद्ध उपशामित किया गया है।