दुर्ग

समस्या से निजात दिलाने विधायक गजेंद्र की पहल
23-Oct-2024 2:56 PM
समस्या से निजात दिलाने विधायक गजेंद्र की पहल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 23 अक्टूबर। शिवनाथ नदी के पास इंटकवेल में कचरा फंसने से पेयजल बाधित होने की समस्या नहीं होगी, जल्द ही पोंड मशीन से जलकुम्भी की सफाई की जाएगी। शहर विधायक गजेंद्र यादव के प्रयास से शासन ने दुर्ग निगम को मशीन खरीदने अनुमति दे दी है। आधुनिक मशीन के आने से नदी तालाब के ऊपरी सतह पर सभी प्रकार के खरपतवार को आसानी से निकाला जा सकेगा। ऐसी मशीन का प्रयोग जम्मू में डल झील और हैदराबाद के हुसैन सागर जैसे नदियों में पानी को साफ रखने खरपतवार निकालने के लिए उपयोग में लाया जाता है।

ज्ञात हो कि नालों में भारी मात्रा में उगे हुए जलकुम्भी से बारिश का पानी का प्रवाह रुक जाता है, इससे पानी उफान अन्यत्र फैलता है। इसके अलावा दुर्ग निगम के इंटकवेल के पास साईफेन में जलकुम्भी फंसने से पंपहाउस से शहरवासियों को पेयजल आपूर्ति बाधित होती है। लगातार या अत्यधिक वर्षा होने अमूमन यह स्थिति हर साल होती है। शहर की इस बड़ी समस्या से जनता को निजात दिलाने विधायक गजेंद्र यादव लगातार जुटे हुए थे। जलकुम्भी की बड़ी समस्या से निजात दिलाने दुर्ग निगम को एक्यूटिक विड हार्वेस्टर मशीन खरीदने प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजे थे। जिस पर एक दिन पूर्व ही शासन ने लगभग डेढ़ करोड़ की मशीन खरीदने अनुमति दे दी है।

जलकुम्भी और पानी के ऊपरी सतह से खरपतवार निकालने आधुनिक पोंड मशीन प्रदेश के किसी निकाय में अब तक नहीं है। पहली बार दुर्ग निगम को खरीदने की अनुमति विधायक गजेंद्र यादव के अथक प्रयास से सफल हुआ है। शिवनाथ नदी किनारे जलकुम्भी से पटे हुए एरिया का इस मशीन से सफाई होगी। बरसात के सीजन में पेयजल आपूर्ति में रूकावट नहीं होगी और नागरिकों को पेयजल मिलता रहे। इसके अलावा नालो तालाबों जलकुम्भी और खरपतवार को निकालने में मशीन का उपयोग किया जा सकेगा।


अन्य पोस्ट