दुर्ग
14 रामायण मंडलियों ने चौदह घण्टे लगातार दी सस्वर रामायण की प्रस्तुति
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुम्हारी, 21 अक्टूबर। विगत दिनों गायत्री मन्दिर परिसर के मंच पर आसपास के ग्राम से आए 14 रामायण मंडलियों ने राम चरित मानस का सस्वर पाठ कर नगर वासियों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम के आयोजक भाजपा नेता एवं शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष रामाधार शर्मा थे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में दुर्ग सांसद विजय बघेल की पत्नी रजनी बघेल उपस्थित रहीं । कार्यक्रम के आयोजक रामाधार शर्मा ने उपस्थित नगरवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज मेरा जन्मदिन है और इस अवसर को मैं इसी तरह मनाने पर विश्वास रखता हूँ हमे सनातनी परंपराओं को नहीं भूलना चाहिए सभी को अपने जन्मदिन पर इसी तरह धार्मिक आयोजन करना चाहिए जिस तरह पाश्चात्य संस्कृति में दीप बुझाए जाते हैं लेकिन लेकिन हमें आस्था और विश्वास रूपी दीप जलाना चाहिए।
रजनी बघेल ने उपहार स्वरूप पौधा देकर पर्यावरण का संदेश दिया। मंचस्थ सभी मंडलियों को 3100 रुपए की राशि प्रदान की गई। वहीं शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु विद्यार्थियों का भी सम्मान किया गया। कार्यक्रम की समाप्ति पर विशाल भंडारे का भी आयोजन किया गया। इस आयोजन को सफल बनाने में राम कुमार सोनी, अवधेश शुक्ला, मनोज वर्मा एवं मिथिलेश यादव सहित बड़ी संख्या में नगर के लोग शामिल हुए। कार्यक्रम का संचालन रामकुमार सोनी एवं आभार रामाधार शर्मा ने ज्ञापित किया।