दुर्ग

निगम के 3 कर्मचारी निलंबित
18-Oct-2024 3:20 PM
निगम के 3 कर्मचारी निलंबित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 18 अक्टूबर। नगर निगम दुर्ग में ड्यूटी के दौरान राजस्व अधिकारी पर कथित रूप से दारू पार्टी कराए जाने का आरोप लगा है। निगम के अतिक्रमण शाखा में पूर्व पार्षद के साथ यह पार्टी किया जाना बताया जा रहा है। मामला बुधवार की दोपहर का बताया गया है। इस पार्टी का वीडियो वायरल होने के बाद कलेक्टर ने जांच के निर्देश दिए।

एडिशनल कलेक्टर ने कहा कि मामले में कार्रवाई करने का अधिकार निगम आयुक्त को है। उन्हें जानकारी दे दी है। वे इसकी जांच कर कार्रवाई करेंगे। गुरुवार की देर शाम आयुक्त लोकेश चंद्राकर ने मामले में कार्रवाई करते हुए राजस्व अधिकारी दुर्गेश गुप्ता सहित तीन कर्मचारियों को  सस्पेंड कर दिया। निलंबन अवधि में दुर्गेश गुप्ता निगम के भवन शाखा में अटैच रहेंगे। वहीं राजस्व अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार निगम सचिव मनीष कुमार को दिया गया है।

नगर निगम दुर्ग में दारू पार्टी के तीन चार पॉइंट बने हुए थे। निगम आयुक्त  लोकेश चंद्राकर के सख्ती के बाद ये पॉइंट टूटने लगे। हालांकि अतिक्रमण शाखा में दारू पार्टी का मामला पूर्व में भी जोर-जोर से उठता रहा है। इस बार यह मामला तूल पकड़ लिया और लपेटे में राजस्व अधिकारी आ गए। निगम आयुक्त लोकेश चंद्राकर ने राजस्व अधिकारी दुर्गेश गुप्ता, सहायक राजस्व निरीक्षक डजेंद्र भारती तथा प्यून दशरथ सोनकर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। निलंबन आदेश 17 अक्टूबर को जारी किया गया है। निलंबन अवधि में सहायक राजस्व निरीक्षक डजेंद्र भारती  तथा प्यून दशरथ सोनकर का मुख्यालय बाजार विभाग रहेगा। हालांकि निगम आयुक्त 10 अक्टूबर को आकस्मिक निरीक्षण के दौरान अतिक्रमण शाखा में नशे की हालत में  सहायक राजस्व निरीक्षक को पाया था, जिस पर कार्रवाई की गई है। राजस्व अधिकारी दुर्गेश गुप्ता का कहना है कि उन्हें सूचना मिली थी कि निगम के एक पूर्व पार्षद निगम के अतिक्रमण शाखा में बैठकर शराब पी रहे हैं। इस पर वो उन्हें मना करने गए थे। इसी दौरान उनका वीडियो बनाया गया। उनका कहना है कि वे शराब नहीं पी रहे थे, बल्कि वहां मौजूद लोगों को समझाइए दे रहे थे।


अन्य पोस्ट