दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 16 अक्टूबर। दशहरा के बाद जिले के किसान अर्ली वेरायटी के धान की फसल कटाई शुरू कर चुके हैं। अर्ली वेरायटी फसल कटाई कर रहे किसान धान खरीदी में विलंब के चलते स्टोरेज की समस्या को लेकर काफी चिंतित हैं।
किसानों की माने तो विलंब से धान खरीदी शुरू करने पर कई प्रकार की दिक्कतें आएगी। जानकारी के मुताबिक जिले में 1 लाख 35 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में किसानों ने धान की फसल ली है। इनमें 50 प्रतिशत में किसानों ने अर्ली वेरायटी किस्म के धान की फसल ली है। किसानों के अनुसार वर्तमान में अर्ली वेरायटी के 30 प्रतिशत धान की फसल कटाई के लायक हो गया है।
किसानों का कहना कि इस खरीफ में लंबी अवधि से बारिश बंद होने एवं तेज गर्मी के चलते धान की फसल जल्दी परिपक्व हो गए है इसलिए भी जल्दी काटने योग्य हो गए हैं। ग्राम जंजगिरी के किसान देवेन्द्र साहू ने 110 किस्म के धान के अर्ली (हरहुना) वेरायटी के धान की फसल ली है मगर उनके खेत में नहर का पानी भर जाने से उन्हें काफी दिक्कत हो रही है। वहीं धान खरीदी में विलंब की वजह से समस्या आएगी।
छत्तीसगढ़ प्रगतिशील किसान संगठन के महासचिव झबेन्द्र भूषण वैष्णव का कहना है कि राज्य सरकार ने 15 नवम्बर से धान खरीदी करने घोषणा की है जबकि अभी से धान की फसल कटाई शुरू हो चुकी है। किसानों के पास इन फसलों के स्टोरेज के लिए जगह नहीं है, ऐसे में एक माह तक इसे सुरक्षित स्टोरेज करके रखने की समस्या वर्तमान में फसल कटाई कर रहे किसानों के समक्ष आएगी।
उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर सरकार 1 नवम्बर से क्यों धान खरीदी शुरू नहीं करके 15 नवम्बर को क्यों कर रही है, इसका उनके (सरकार के) पास कोई तर्क नहीं है ? श्री वैष्णव का कहना है कि 1 नवम्बर से धान खरीदी शुरू नहीं करने से बहुत सारे नुकसान है। 15 नवम्बर से धान शुरू करने पर उक्त समय तक 80 प्रतिशत धान की फसल कटाई के स्टेज में आ चुकी रहेगी। ऐसी स्थिति में सहकारी समितियों में धान विक्रय करने वाले किसानों की अचानक भीड़ बढ़ेगी।
ऐसे में आपाधापी मचेगा क्योंकि हर किसान जल्दी अपना धान बेचना चाहेगा। विलंब खरीदी से स्टोरेज की व्यवस्था नहीं होने के कारण किसानों को नुकसान के साथ-साथ समितियों पर भी भार बढ़ेगा। समितियों से धान उठाव को लेकर भी परेशानी बढ़ेगी। वहीं दो फसल लेने वाले किसानों को भी विलंब से धान खरीदी में दिक्कत होगी। उक्त सभी कारणों से छत्तीसगढ़ प्रगतिशील किसान संगठन पहले ही 1 नवम्बर से धान खरीदी शुरू करने की मांग करते आ रहा है।